नए पैटर्न पर हुआ एचएएस टेस्ट

अफसर बनने की चाह में हजारों ने दी परीक्षा, प्रदेश भर में बनाए गए थे 124 सेंटर

शिमला  —  हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा का रविवार को आयोजन किया गया। यह परीक्षा राज्य के 124 परीक्षा केंद्रों पर हुई। इसमें हजारों अभ्यर्थियों ने शिरकत की। अबकी बार एचएएस की परीक्षा का पैटर्न बदला गया है।  हिमाचल लोक सेवा आयोग ने रविवार को हिमाचल प्रशासनिक परीक्षा (प्रारंभिक ) का आयोजन किया। राज्य भर में इसके लिए 124 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 35 केंद्र शिमला जिले में और बाकी दूसरे जिलों में बनाए गए थे। इस परीक्षा के लिए लोक सेवा आयोग ने 37109 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए थे। हालांकि  परीक्षा के लिए आयोग में 42048 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन किए थे, लेकिन इनमें से 4939 अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द हुए थे। रविवार को हुई प्रारंभिक परीक्षा दो सत्रों में 10 से 12 बजे और दोपहर बाद दो से शाम चार बजे तक आयोजित की गई।  अबकी बार हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा ली जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा की तर्ज पर बनाया गया है। प्रारंभिक परीक्षा में दो प्रश्न पत्र रखे गए हैं, जो प्रत्येक 200 अंक के हैं। इनमें एक सामान्य अध्ययन एवं दूसरा एप्टीच्यूड टेस्ट का था। सामान्य अध्ययन की परीक्षा में की मैरिट के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। हालांकि एप्टीच्यूड टेस्ट के प्रश्न पत्र में 33 प्रतिशत अंकों का अर्जन करना जरूरी बनाया गया है। इस बार मुख्य परीक्षा में अंग्रेजी और हिंदी प्रत्येक 100 अंकों के पेपर होंगे और इनमें कम से कम 40 प्रतिशत उत्तीर्ण अंक लाने होंगे। वहीं सामान्य अध्ययन के प्रत्येक 200 अंकों के तीन पेपर होंगे। इसमें 100 अंकों का एक पेपर अंग्रेजी निबंध पर होगा। नए पैटर्न में अब दो वैकल्पिक विषयों के स्थान पर एक ही वैकल्पिक विषय रखा गया है, जिसके लिए 200 अंक निर्धारित किए गए हैं। राज्य लोक सेवा आयोग इस परीक्षा को  कुल 30 पदों के लिए आयोजित कर रहा है। इसमें हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) के चार पद, प्रदेश पुलिस सेवा (एचपीएस) के छह पद, तहसीलदार के सात, बीडीओ के छह और ट्रेजरी आफिसर के लिए सात पद रखे गए हैं। कालेज, विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के अलावा सरकारी व निजी सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों ने भी रविवार को परीक्षा दी।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !