सोलह घंटे थमे वाहनों के पहिए

भरमौर —  चंबा-होली मुख्य सड़क पर मच्छेतर के निकट डंगा गिरने के कारण सोलह घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। मार्ग बंद होने से हिमाचल पथ परिवहन निगम की चार बसें भी बीच राह में फंस गईं। अलबता यात्रियों को एक मर्तबा फिर टैक्सियों का सहारा यहां पर लेना पड़ रहा है। अहम है कि पूर्व में ज्यूरा के पास डंगा गिरने के कारण चंबा-होली सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई थी। अब मच्छेतर के पास डंगा गिरने के चलते यह स्थिति पैदा हो गई है। बहरहाल, चंबा-होली मुख्य सड़क पर यातायात व्यवस्था के लगातार ठप रहने से यात्रियों को मुश्किल उठानी पड़ रही है, वहीं हिमाचल पथ परिवहन निगम को ही यहां पर अब तक लाखों रुपए का नुकसान भी उठाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात को चंबा-होली मुख्य सड़क पर मच्छेतर के पास डंगा गिरने के चलते वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई। जिस कारण सुबह के समय जिला मुख्यालय चंबा और कांगड़ा जिला की ओर जाने वाली बसों के पहिए भी मच्छेतर के पास थम गए। हैरानी की बात है कि आए दिन चंबा-होली मुख्य सड़क पर डंगे गिरने का क्रम जारी है। जिसके चलते यात्रियों को भी यहां पर परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि देर रात को डंगा गिरने के बाद रविवार को चार बजे तक यहां पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। बहरहाल, लोक निर्माण विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद डंगा लगा दिया है और शाम चार बजे यहां पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !