मिंजर मेले की निगरानी को 250 जवान

चंबा —  अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला के दौरान कानून व शांति व्यवस्था का जिम्मा 250 पुलिस व होमगार्ड जवान संभालेंगे। मिंजर मेले की सुरक्षा व्यवस्था में आईआरबी की दो रिजर्व भी स्थानीय पुलिस का हाथ बटाएंगी। मिंजर मेले के दौरान शहर के विभिन्न एंट्री प्वाइंटों पर अस्थायी नाके भी स्थापित किए जाएंगे। इन अस्थायी नाकों पर गहन जांच-पड़ताल के बाद ही वाहन को शहर में एंट्री दी जाएगी। एएसपी चंबा वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है। इस मर्तबा मिंजर मेले का आयोजन 23 से 30 जुलाई तक किया जा रहा है। इस अवधि में कानून व सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखना पुलिस के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहता है। इसी के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने मेले के दौरान कानून व सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के लिए मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। इसके तहत मिंजर मेला की अवधि में शहर के सुल्तानपुर, टीबी वार्ड और हरदासपुरा चौक में अस्थायी नाके लगाकर पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। उधर, एएसपी चंबा वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि मिंजर मेले के दौरान कानून व सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर रखने की तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। 21 जुलाई से मेले को तैयार मास्टर प्लान के तहत अस्थायी नाके स्थापित करने के साथ पुलिस व होमगार्ड के जवान निर्धारित स्थल पर ड्यूटी संभाल लेंगे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !