राजीव आवास योजना को 11 करोड़

सरकार ने जारी किया पैसा, हर परिवार को मिलेंगे 1.30 लाख

हमीरपुर – राजीव आवास योजना में हिमाचल को 11 करोड़ की सौगात मिली है। राजीव रिपेयर आवास योजना के बाद अब राजीव आवास योजना में यह बजट पारित हुआ है। सैकड़ों गरीब परिवारों को अब पक्के मकान नसीब होंगे। वर्ष 2017-18 के लिए प्रदेश सरकार ने योजना के तहत यह पैसा जारी किया है। पंचायत स्तर से प्रस्ताव के माध्यम से गरीब परिवारों की सूची जारी होगी। इसके बाद इनके लिए मकान बनाने के लिए बजट जारी होगा। योजना के तहत प्रत्येक परिवार को एक लाख 30 हजार की राशि मिलेगी। इस राशि को इस साल से बढ़ाया गया है। पहले करीब 75 हजार की राशि घर बनाने के लिए दी जाती थी। इस वर्ष से एक लाख 30 हजार रुपए घर बनाने के लिए मिलेंगे। ग्रामीण विकास विभाग के पास बजट पहुंच गया है। राज्य स्तर पर उपलब्ध बजट को अब सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डाला जाएगा। एफटीओ जनरेट होने के बाद यह राशि संबंधित लाभार्थी को मिलेगी। बवहीं इस बजट से राज्य भर में करीब 846 गरीब परिवारों को पक्का मकान मिलेगा। योजना में आरक्षित वर्ग, अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग को शामिल किया गया है। आर्थिक स्थिति के आधार पर गरीबों का चयन किया जाएगा। किसी भी वर्ग का गरीब परिवार इस योजना का लाभ ले सकता है। पंचायत में प्रस्ताव पारित कर योजना के लिए लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। चयन होने के बाद इसकी सूची राज्य सरकार को भेजनी होगी। अब पंचायत स्तर पर राशि नहीं दी जाएगी, संबंधित लाभार्थी के बैंक खाते में सीधे योजना के रुपए डाल दिए जाएंगे। यह पैसा दो चरणों में लाभार्थियों को दिया जाएगा। ज्वाइंट डायरेक्टर ग्रामीण विकास सचिन कंवर ने बताया कि राजीव आवास योजना में हिमाचल को 11 करोड़ मिले हैं। पंचायत स्तर से प्रस्ताव के माध्यम से गरीबों का चयन किया जाएगा। एफटीओ जनरेट होने के बाद योजना के तहत राशि का लाभ लोगों को मिलेगा। राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जाएगी।