रिटायर्ड फौजी को 95 हजार रुपए की चपत

मंडी – बीमा पालिसी के नाम पर शातिरों ने ह्यूण के रिटायर्ड फौजी को 95 हजार रुपए की चपत लगा दी।   पुलिस ने  धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता इंद्र सिंह   निवासी ह्यूण  ने बताया कि 2015 में उसने जीवन बीमा की अलग-अलग पालिसी करवाई थीं। किसी कारणवश वह पालिसी के पैसे नहीं दे सका, जिस कारण पॉलिसी बंद हो गई।  जनवरी 2017 को नेहा नामक लड़की का  फोन आया। उसने बताया कि वह नोएडा से बोल रही है और पालिसी की रकम वापस करवा सकती हूं। रिटायर्ड फौजी भी   झांसे में आ गए और उसके कहने पर करीब 25000 रुपए उसके खाते में जमा करवा दिए। इसके कुछ दिन बाद किसी अमित नाम के शख्स का फोन आया,उसने भी यही कहा कि इंद्र सिंह ने  फिर से करीब 27600 रुपए जमा करवा दिए। इसी तरह इंद्र सिंह करीब 95260 रुपए अलग-अलग खातों में जमा करवा चुके हैं, लेकिन बीमा की रकम वापस नहीं लौटाई गई।   निरीक्षक सुनिल कुमार प्रभारी पुलिस थाना सदर ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !