विषय का ज्ञान सब चुनौतियों को सरल बनाए

डा. पवन कुमार महाजन

डीन कालेज ऑफ फोरेस्ट्री,  डा. वाईएस परमार, विवि, नौणी(सोलन)

फोरेस्ट्री में करियर से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए हमने पवन कुमार महाजन से बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश…

फोरेस्ट्री में करियर की क्या संभावना है?

फोरेस्ट्री में करियर की अपार संभावनाएं हैं, इस क्षेत्र में स्नातक (बीएससी) की उपाधि के बाद उम्मीदवार कई क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर सकता है।

इसे करियर के तौर पर अपनाने के लिए शैक्षणिक योग्यता?

स्नातक डिग्री में प्रवेश के लिए उम्मीदवार के दस जमा दो में विज्ञान विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। डा. वाईएस परमार नौणी विवि में स्नातक स्तर पर बीएससी (फोरेस्ट्री) की डिग्रियां प्रदान की जाती हैं।

किन-किन क्षेत्रों में करियर बनाया जा सकता है?

भारतीय वन सेवा, राज्य वन सेवा, हिमाचल में वानिकी स्नातक- एसीएफ, वन परिक्षेत्राधिकारी, विभिन्न बैंकों जैसे नाबार्ड इत्यादि में रोजगार प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा स्नातकोत्तर की विशेषज्ञ डिग्री (पीएचडी) के उपरांत अनुसंधान एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी रोजगार के कई अवसर हैं।

आरंभिक आय कितनी है?

इस क्षेत्र में आरंभिक आय उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव पर निर्भर करती है। प्रारंभिक तौर पर 20 हजार रुपए प्रतिमाह आय प्राप्त कर सकते हैं।

इस करियर में आने वाले युवा में विशेष क्या होना चाहिए?

फोरेस्ट्री में करियर बनाने वाले प्रतियोगी को वानिकी विषय, पर्यावरण संरक्षण इत्यादि में विशेष रुचि होना आवश्यक है।

युवाओं को इस फील्ड में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है?

फोरेस्ट्री में अपना करियर बनाने के लिए प्रतियोगी को कोई विशेष चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ता। इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रतियोगी को वानिकी में विशेष रुचि होनी चाहिए। अगर विषय का ज्ञान है और अपने करियर के प्रति रोमांच है, तो सभी चुनौतियां सामान्य हो जाएंगी।

जो युवा इस क्षेत्र को चुनना चाहते हैं उनके लिए प्रेरणा संदेश?

इस क्षेत्र के बारे में विस्तार में जानकारी होना आवश्यक है। विश्वभर  में वनों के संरक्षण एवं विस्तार के लिए विशेष प्रयत्न किए जा रहे हैं। भारतीय वन नीति के अंतर्गत पहाड़ी क्षेत्रों में 60 प्रतिशत मैदानी क्षेत्रों में 33 प्रतिशत क्षेत्र वनों के तहत होना चाहिए। इसके अनुरूप फोरेस्ट्री को अपना करियर बनाने का अच्छा अवसर है।

– मोहिनी सूद, नौणी

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !