आबे के स्वागत में भव्य रोड शो

कुर्ता-पायजामा पहन मोदी के साथ खुली जीप में पत्नी संग खड़े रहे

अहमदाबाद— जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने बुधवार से अपनी दो दिवसीय गुजरात यात्रा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खुली जीप में करीब आठ किलोमीटर लंबे एक भव्य रोड शो के साथ की। इस दौरान उन्होंने कुर्ता पायजामा तथा उनके साथ मौजूद उनकी पत्नी अकी आबे ने भारतीय परिधान पहन रखे थे। करीब आधे घंटे के इस आठ किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान हवाई अड्डे से साबरमती आश्रम तक हजारों लोगों की भीड़ ने उनका अभिवादन किया। इस दौरान देश के 28 राज्यों के कलाकारों ने उनका स्वागत करते हुए प्रस्तुति भी दी। यह भारत में दो प्रधानमंत्रियों का अब तक पहला ऐसा संयुक्त रोड शो था। रोड शो साबरमती रिवरफ्रंट तथा सुभाष ब्रिज और आरटीओ सर्किल होते हुए साबरमती आश्रम पहुंचा। इसके बाद तीनों ने पारंपरिक रूप से महात्मा गांधी के वहां के मूल निवास हृदय कुंज में पारंपरिक अंदाज में उनके तैल चित्र को सूत की माला पहनाई। रोड शो और आश्रम में श्री मोदी आबे दंपति को कई चीजों के बारे में खुद जानकारी देते दिखे। आबे दंपति ने आश्रम की आगंतुक पुस्तिका में हस्ताक्षर भी किए। शाम को दोनों सोलहवीं सदी की मस्जिद सीदी सैयद नी जाली का अवलोकन करने पहुंचे और इसके बाद पास ही अगासिए रेस्तरां में रात्रिभोज किया। इससे पहले टोक्यो से विशेष विमान से सीधे यहां पहुंचे श्री आबे का उनसे थोड़ी देर पहले ही नई दिल्ली से आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़ कर खुद हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। चीन के साथ डोकलाम विवाद में जापान की ओर से भारत के मजबूत समर्थन की पृष्ठभूमि में हो रहे इस दौरे के दौरान चारों तरफ भारत-जापान मैत्री का माहौल दिख रहा था। गुरुवार को दोनों मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का शिलान्यास यहां साबरमती एथलेटिक्स स्टेडियम में करेंगे। इसके बाद वे गांधीनगर के महात्मा मंदिर में 12वें जापान-भारत शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। गुरुवार को अन्य कार्यक्रमों में शिरकत के बाद दोनों नेता मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की ओर से दिए गए रात्रिभोज में भाग लेंगे और इसके बाद रात करीब साढ़े नौ बजे श्री आबे वापस टोक्यो तथा श्री मोदी नई दिल्ली रवाना हो जाएंगे।