कैंसर पीडि़ता को एक लाख की मदद

चंबा  —  हिमाचल पुलिस ने लोगों की अवधारणाओं को झुठलाते हुए पुनीत कार्य कर न केवल एक गरीब परिवार की मदद की है, ब्लकि अपने विभाग की छवि को भी ऊंचा किया है। हाल ही में कैंसर से पीडि़त बच्ची के इलाज के लिए जिला पुलिस के जवानों ने सहायतार्थ हेतु राशि एकत्रित कर सराहनीय कार्य किया है। चंबा जिला की चुराह तहसील के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तीसा में पढ़ने वाली सातवीं कक्षा की छात्रा को जो ब्लड कैंसर से पीडि़त है, की खबर सोशल मीडिया व समाचार पत्रों में जैसे ही आई पुलिस के जवानों ने तुरंत इस पर अपना कार्य शुरू किया। चंबा पुलिस नाम से बनाए गए ग्रुप के सदस्यों ने एकजुट होकर इस पीडि़ता की सहायता हेतु राशि इकट्ठा करना शुरू किया।  बिना किसी जवान को दबाव डालते हुए उन लोगों से राशि एकत्रित की। यह जवान जो पूरे जिला की चौकियों व पुलिस स्थानों से इस ग्रुप के जरिए जुडे़ थे, एक लाख एक हजार रुपए की राशि जोड़कर राशि को परियोजना सवनवयक चाइल्ड लाइन चंबा कपिल शर्मा के हवाले किया, जिन्होंने इससे पहले इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इन जवानों का मानना है कि नवरात्र में जहां हम कन्या पूजन करते हैं, वहीं किसी कन्या के इलाज के लिए इकत्रित की गई राशि असल में सबसे बड़ी भक्ति होगी। इस बच्ची के इलाज पर लगभग 10 लाख रुपए का खर्च आने की संभावना है तथा  उसका इलाज इस समय पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। इन जवानों ने अन्य विभागों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों व आम लोगों से भी आग्रह किया है कि इस पुनीत कार्य में वे आगे  आएं और एक टूट रही जिंदगी को बचाने में अपना सहायोग दें। इस मौके पर पुलिस कर्मी हेम राज राकेश, राज किरण, नीरज मनोज कुमार सहित अन्य जवान मौजूद रहे।