मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बोले, इस बार दूंगा सरप्राइज
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता लाए या कोई और
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा चाहे राष्ट्रीय प्रवक्ता लाए या किसी और को। जो आरोप उन पर अब लगाए जा रहे हैं, पिछले विधानसभा चुनावों में भी यही आरोप लगे थे। एक ही आरोप की जांच सीबीआई, ईडी और इन्कम टैक्स कर रहा है। लोग सच जानते हैं। उन्हें कानून पर विश्वास है, दूध का दूध व पानी का पानी होगा।
शिंदे फाइनल अथारिटी नहीं कि जो कहेंगे वही होगा
मुख्यमंत्री ने एक सवाल पर कहा कि प्रदेश पार्टी मामलों के प्रभारी सुशील कुमार शिंदे कोई फाइनल अथारिटी नहीं है कि जो कह दिया वही होगा। दरअसल मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से पूछा गया था कि शिंदे ने कहा है कि संगठन में न तो फेरबदल होगा और चुनाव मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ही लड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के दौरों के कारण वह अति व्यस्त रहे हैं। इसी वजह से पार्टी हाइकमान से फिर मिलने नहीं जा सके थे। अब जल्द ही दिल्ली जाएंगे व केंद्रीय नेताओं व राष्ट्रीय अध्यक्ष से बातचीत करेंगे।
दिल्ली से कोई आए या न आए
मुख्यमंत्री ने एक अन्य सवाल पर कहा कि चुनाव प्रचार के लिए भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता हिमाचल आएं या न आएं, वह अपना काम करते रहेंगे। पार्टी को सत्ता में लाना उनकी जिम्मेदारी है।
मिलकर लड़ेंगे, भविष्य दांव पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कांग्रेसजन मिलकर चुनाव लड़ेंगे, क्योंकि सभी का भविष्य दांव पर है। उन्होंने कहा कि वह खुद भी तैयार हैं व उनकी फौज भी तैयार है।