देहरादून में शाह ने खाया दलित के घर खाना

देहरादून— अपने देहरादून दौरे के दूसरे दिन बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दलित के घर पर खाना खाया। इससे पहले उन्होंने भाजपा कार्यालय में ई लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया। बलवीर रोड स्थित भाजपा दफ्तर को भव्य तरीके से सजाया गया था। उनके स्वागत में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा में सजी थीं। महिलाओं ने गीत के साथ ही नृत्य कर अमित शाह का स्वागत किया। यहां अमित शाह ने ई लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। अपने फेसबुक पेज फोटो शेयर करते हुए शाह ने लिखा कि देहरादून के प्रदेश कार्यालय में नानाजी देशमुख पुस्तकालय व ई-पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया। यह पुस्तकालय कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत लाभदायक होंगे। इस लाइब्रेरी में भाजपा के इतिहास के साथ ही देहरादून से जुड़ी भाजपा की विभिन्न जानकारियां एक क्लिक के माध्यम से जानी जा सकती हैं। इसके बाद अमित शाह संघ कार्यालय भी गए। कुछ देर वह वहां रुके। यहां उन्होंने प्रांत और क्षेत्र प्रचारकों के साथ की बैठक भी की। वह दोपहर का भोजन करने बलबीर रोड निवासी मुन्ने सिंह के घर पहुंचे। मुन्ने सिंह धोबी का काम करते हैं। मुन्ने सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले उन्हें बताया गया कि अमित शाह उनके घर खाना खाने आ रहे हैं। उनका परिवार इसकी तैयारियों में जुटा था। खाने में अरहर दाल, रोटी, पुदीने की चटकी, सब्जी और खीर परोसी गई। अमित शाह के साथ सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे और टिहरी सांसद मालाराज्य लक्ष्मी शाह पहले चरण में भोजन करने वालों में शामिल थीं। इसके बाद कुछ अन्य भाजपा नेताओं ने भी भोजन किया।