धूमल के नेतृत्व में चुनाव लड़े भाजपा

कुनिहार —  भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में लड़ना चाहिए। इस बारे में आवाज बुलंद करते हुए अराजपत्रित कर्मचारी संघ के पूर्व नेता, मजदूर नेता,  हिमाचल प्रदेश परिसंघ के नेताओं की एक राज्य स्तरीय सामूहिक बैठक  कुनिहार में संपन्न हुई। इस दौरान सभी नेताओं ने एक स्वर में इस बात का भी समर्थन किया है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह से विफल रही है, इसलिए आगामी विधान सभा चुनावों में पूर्व कर्मचारी नेताओं के छह लाख परिवार भाजपा का समर्थन करेंगे। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी परिसंघ के अध्यक्ष विनोद कुमार बैठक में अब तक की सभी सरकारों के कार्यकाल पर गहनता से मंथन किया गया। इस दौरान पाया गया है कि पूर्व धूमल सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने में कामयाब रही है। धूमल सरकार ने सबसे अधिक आर्थिक व अन्य लाभ कर्मचारियों को दिए हैं। उनके कार्यकाल में हजारों कर्मचारियों की पदोन्नति भी हुई है। पूर्व सीएम विधानसभा चुनावों में 26 सीटें लेने में कामयाब हुए थे और कई जगह उनकी पार्टी हारी थी। हिमाचल प्रदेश में प्रेम कुमार धूमल के प्रभाव को देखते हुए उन्हें फिर से आगामी विधान सभा चुनावों की कमान सौंपी जानी चाहिए। इस दौरान कर्मचारी नेता इंद्रपाल शर्मा ने कहा कि मौजूदा वीरभद्र  सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। बैठक में हिमाचल परिवहन संघ के अध्यक्ष शंकर ठाकुर, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच बृजलाल ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कर्मचारी संगठन जयनंद शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष हिमाचल विद्युत बोर्ड विद्यासागर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हिम शक्ति, लोक निर्माण विभाग संघ एनडी शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चालक परिचालक बलि राम ठाकुर, सचिव किसान मंच भूप चंद अत्री, पूर्व प्रधान नौणी विवि संतोष कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उद्यान कर्मचारी संघ नवीन राठौर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष दुग्ध परिसंघ कर्मचारी शिमला चेतराम तनवर व परिसंघ शिमला लक्ष्मी चंद बैठक में मौजूद रहे।