ननखड़ी से दबोचा उद्घोषित भगोड़ा

चंबा —  पीओ सैल की टीम ने अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी करार मोहिंद्र सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी गांव सेइकोठी तहसील चुराह को शिमला के ननखड़ी से दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोहिंद्र सिंह के खिलाफ  अदालती आदेशों की अवमानना को लेकर तीसा पुलिस थाना में धारा 174ए के तहत एक और मामला दर्ज किया है। गुरुवार को दोपहर बाद मोहिंद्र सिंह को पुलिस रिमांड हेतु अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने मोहिंद्र सिंह को 23 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार मोहिंद्र सिंह के खिलाफ  तीसा थाना में छेड़खानी, चोरी व वाहन दुर्घटनाग्रस्त सहित कुल पांच मामले दर्ज किए गए थे। वर्ष 2012 में चोरी व वाहन दुर्घटना के मामले में जमानत मिलने के बाद पेशियां भुगतने अदालत नहीं पहुंच रहा था। अदालत ने मोहिंद्र सिंह की गैर हाजिरी का कड़ा संज्ञान लेते हुए वर्ष 2017 में उद्घोषित अपराधी करार दे दिया। इससे पहले मोहिंद्र सिंह दो अन्य मामलों में भी उद्घोषित अपराधी करार हो चुका था। गत वर्ष पुलिस ने मोहिंद्र सिंह को दबोच भी लिया था। मगर अदालत से दोबारा छूटने के बाद भूमिगत हो गया था। इसी बीच पुलिस को मोहिंद्र सिंह के शिमला के ननखड़ी में होने की सूचना मिली। पीओ सैल के मुख्य आरक्षी हमिद मोहम्मद, आरक्षी रविंद्र व नितेंद्र और महिला आरक्षी रीना राय ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर मोहिंद्र सिंह को ननखड़ी से गिरफ्तार कर लिया। उधर, एएसपी चंबा डा. वीरेंद्र तोमर ने खबर की पुष्टि की है।