मंत्री के हाथों खिलौना बन रहा प्रबंधन

परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ने प्रदेश सरकार पर जड़े आरोप; कहा, कर्मियों की दिक्कतें हल करने में नाकाम

नालागढ़ —  परिवहन मंत्री व निगम प्रबंधन का यह कार्यकाल इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा और सरकार को आगामी विस चुनावों में कर्मचारियों के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। ये शब्द हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने परिवहन मजदूर संघ की दो दिवसीय बैठक के समापन अवसर पर कहे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि एचआरटीसी प्रबंधन मंत्री के हाथों का खिलौना बन रहा है, जो कर्मचारियों को प्रताडि़त करने और कर्मचारियों की समस्याओं का हल करने में विफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री व प्रबंध निदेशक परिवहन की व्हीकल परचेज कमेटी को दर किनार कर केवल बसों को खरीदने के बाद अब बस अड्डों को बेचने पर उतारू हो गए हैं। शंकर सिंह ने कहा कि परिवहन निगम पर हर स्तर पर भ्रष्टाचार है और जब कभी भी इसकी जांच होगी, तो संघ तथ्यों और सबूतों के साथ जांच में पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम वर्तमान में विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है। नालागढ़ में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में संघ ने विभिन्न निर्णय लिए। संघ ने मांग की है कि सांसदों, विधायकों और मंत्रियों की तर्ज पर पुरानी पेंशन पालिसी को बहाल किया जाए। एचआरटीसी में अधिकारियों की तर्ज पर कर्मचारियों को भी 1-10-2012 से वेतन बढ़ोतरी का लाभ दिया जाए। संघ इसके लिए जन जागरण अभियान चलाएगा। संघ ने निर्णय लिया कि प्रबंधन के खिलाफ 11 अक्तूबर को शिमला स्थित एचआरटीसी मुख्यालय के सामने विशाल विरोध रैली आयोजित किया जाएगा। शंकर सिंह ने कहा कि 11 अक्तूबर को शिमला में होने वाली रैली से पहले एचआरटीसी के सभी डिपुओं पर गेट मीटिंग आयोजित कर सभी कर्मचारियों को लामबद्ध किया जाएगा। बैठक में परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश भर से आए सदस्यों ने भाग लिया।