युवा जोश और बुजुर्गों का होश बेहद जरूरी

भरमौर – प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सुशील कुमार शिंदे ने राज्य में संगठन प्रमुख और सीएम के बीच चली कशमकश के बीच जोश के साथ होश में काम करने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं के जोश के साथ-साथ बुजुर्गों का होश भी पार्टी के लिए बेहद जरूरी है। प्रदेश में भाजपा मिशन 50 प्लस को लेकर चल रही है, जबकि कांग्रेस मिशन रिपीट के नारे के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि वह एक मर्तबा पहले भी हिमाचल के प्रभारी रह चुके हैं और उस दौरान भी प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनी थी। लिहाजा अब पुनः कांग्रेस सत्ता में आएगी। सुशील कुमार शिंदे रविवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल मुख्यालय में आयोजित पार्टी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। श्री शिंदे ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह की अगवाई में पांच वर्षों में प्रदेश के हर जिला से रिपोर्ट ले गई है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के इस कार्यकाल में जितना विकास हुआ है, वह पहले कभी नहीं हुआ। वीरभद्र सिंह सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है और इसका जिक्र उन्होंने हाइकमान को सौंपी रिपोर्ट में भी  किया है। इससे पहले शिंदे समेत सह-प्रभारी रंजीत रंजन के भरमौर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। सह-प्रभारी रंजीत रंजन ने कहा मोदी सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और देश में कांग्रेस नेताओं को इनके जरिए परेशान किया जा रहा है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने अपने संबोधन में वन मंत्री की जमकर तारीफ की। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि प्रदेश में वीरभद्र सिंह और कांग्रेस सरकार की अगवाई में चहुंमुखी विकास हुआ है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के सचिव अमित भरमौरी, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भारद्वाज, ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्मानंद ठाकुर समेत पार्टी के विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के अलावा दर्जनों कार्यकर्ताओं ने उपस्थिति दर्ज करवाई।