संबित पात्रा के सीएम पर लगाए आरोप बेबुनियाद

शिमला— उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के  पर लगाए गए निराधार एवं बेबुनियाद  आरोपों पर भाजपा नेता संबित पात्रा की कड़ी आलोचना की है। मंत्रियों ने कहा कि भाजपा नेता वीरभद्र सिंह को प्रतिशोध की भावना से निशाना बना रहे हैं और राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को समीप आता देख व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं। यहां जारी एक संयुक्त वक्तव्य में मंत्रियों ने कहा कि भाजपा नेता द्वारा लगाए गए आरोप केवल उनकी निराशा व हताशा को दर्शाते हैं, क्योंकि राज्य में समग्र विकास और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की लोकप्रियता का ग्राफ दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों का भरपूर सहयोग प्राप्त कर रहे मुख्यमंत्री को सत्ता से बाहर करने में प्रदेश भाजपा के प्रयास विफल रहे हैं। भाजपा के ‘हिसाब मांगे हिमाचल’ अभियान पर चुटकी लेते हुए मंत्रियों ने कहा कि सबसे पहले मोदी सरकार को उनके नोटबंदी, कालेधन पर किए गए वादे, मेक-इन-इंडिया, लोकपाल तथा ‘एक सिर के बदले दस’ जैसे चुनावी जुमलों का हिसाब देना चाहिए।