सीएम वीरभद्र सिंह दें इस्तीफा

चुवाड़ी —  भटियात भाजपा मंडल ने बुधवार को कोटखाई के बिटिया प्रकरण और मुख्यमंत्री की गद्दी समुदाय पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में सड़कों पर उतरकर जोरदार हल्ला बोला। भाजपाइयों ने कस्बे में रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। बाद में एसडीएम भटियात के माध्यम से कांग्रेस सरकार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। इस विरोध प्रदर्शन की अगवाई हलके के विधायक विक्रम जरयाल ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के मुखिया वीरभद्र सिंह ऐसी घटनाओं को हल्के से ले रहे हैं, जिससे लोगों में काफी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि आगामी विस चुनावों में कांग्रेस का सुपडा साफ  होना तय है। भाजपा विस चुनावों में प्रचंड बहुमत हासिल कर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होकर लोगों को कांग्रेस के कुशासन से राहत प्रदान करेगी। विधायक विक्रम जरयाल ने कहा कि भाजपा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता बदलाव तय है। इस मौके पर मंडल उपाध्यक्ष राजपाल, भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष चंदू राम बलोरिया व महामंत्री नानक चंद वर्मा सहित काफी तादाद में भाजपाई मौजूद रहे।