स्क्रब-स्वाइन फ्लू से दो की मौत

आईजीएमसी में आनी की पीडि़ता, टीएमसी में नादौन की महिला ने तोड़ा दम

 शिमला, बड़ा — तमाम सरकारी दावों के बावजूद स्क्रब व स्वाइन फ्लू  का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार दो महिलाओं की मौत हो गई है। बुधवार को आईजीएमसी में स्क्रब टायफस से पीडि़त एक और महिला की मौत हो गई। महिला कुल्लू के आनी की थी । इसके साथ ही अभी तक स्क्रब से मरने वालों का आंकड़ा 12 पहुंच गया है, वहीं तीन सौ से अधिक मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा रोेज औसतन 12 से 14 मामले स्क्रब के  पॉजिटिव आ रहे हैं।  हालांकि इस बारे में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष एडवाइजरी जारी की गई हैं अभी तक स्क्रब के 4000 टेस्ट किए गए हैं। इनमें से पांच सौ से अधिक  पॉजिटिव पाए गए हैं।  वहीं,स्वाइन फ्लू की चपेट में आने से नादौन की एक महिला की मौत हो गई है। नादौन की ग्राम पंचायत बड़ा गांव की इस महिला ने स्वाइन फ्लू से ग्रसित होने पर टीएमसी अस्पताल में दम तोड़ा है। इसके बाद नादौन अस्पताल में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को घर पर शीला देवी की तबीयत ज्यादा बिगड़ने के कारण उसे नादौन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें टीएमसी रैफर कर दिया। टांडा में मंगलवार देर सायं उनकी मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि नादौन अस्पताल में भी चिकित्सकों को इस संक्रमण का अंदेशा हो गया था। बुधवार को शीला देवी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

टीएमसी में छह नए मरीज

टीएमसी—  डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा स्थित अस्पताल में छह नए मामले स्क्रब टायफस के सामने आए। इनमें देहरा की 43 वर्षीय महिला, नगरोटा बगवां की 28 वर्षीय महिला, कांगड़ा का 21 वर्षीय युवक और सलोल का 11 वर्षीय किशोर शामिल है। देर सायं सामने आए चार साल के बच्चे और 32 साल की महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। बताया जा रहा है कि कुछ मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है।