कांग्रेस में शुरू होने लगी पुराने बागियों की वापसी

शिमला – कांग्रेस पार्टी में चुनाव से ठीक पहले पुराने बागियों की वापसी का काम शुरू हो गया है। हालांकि ऐसे कई नाम कांग्रेस की अनुशासन समिति ने अध्यक्ष को सौंपे हैं, जिनको वापस लेने की सिफारिश की गई है, परंतु सबसे पहले घुमारवीं से कश्मीर सिंह ठाकुर को वापस लिया गया है। अभी कुछ और लोगों की घर वापसी संभव है, जिस पर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति की सिफारिश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घुमारवीं के पूर्व विधायक कश्मीर सिंह ठाकुर के निष्कासन को रद्द करते हुए उन्हें कांग्रेस पार्टी में वापस लेने के आदेश जारी किए हैं। कश्मीर सिंह ठाकुर की पार्टी में वापसी की सिफारिश स्थानीय विधायक व मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी ने की थी, जिसे अनुशासन समिति व प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वीकार किया। इस विषय में कश्मीर सिंह ठाकुर ने स्वयं भी प्रदेश अध्यक्ष से लिखित में आग्रह किया था। कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आईएन मेहता ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के आदेश तुरंत प्रभाव से मान्य होंगे।