खड़ामुख-होली मार्ग पर दरका पहाड़

भरमौर —  खड़ामुख-होली मुख्य सड़क पर कुठेड नाला के समीप पहाड़ी दरकने के चलते यातायात व्यवस्था ठप पड़ गई है। वहीं काफी संख्या में लोग भी फंस गए है। बताया जा रहा है कि सड़क पर पहाड़ दरकने से बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरी है। साढ़े चार बजे के आसपास यह सड़क बंद हुई है। बहरहाल माना जा रहा है कि कल दोपहर बाद तक सड़क पर यातायात बहाल होने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार खड़ामुख-होली सड़क पर कुठेड नाला के पास सड़क की चौड़ाई का कार्य चला हुआ है। अलबता मंगलवार शाम को अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक कर सड़क पर आ गिरा। अलबता बड़ी-बड़ी चट्टानों के सड़क पर गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद पड़ गई है। जिस कारण होली घाटी की ओर आने वाली निगम समेत निजी बसें भी सड़क पर फंस कर रह गई है। वहीं यात्रियों को भी यहां पर भारी परेशानी उठानी पड़ी है। अहम है कि इन दिनों कांगड़ा जिला की ओर लोगों के जाने का क्रम शुरू हो चुका है। नतीजतन लंबे रूट की बसें होली घाटी से पैक होकर कांगड़ा की तरफ निकल रही है। नतीजतन अब रोड़ के बंद हो जाने के कारण यात्रियों को भी भारी परेशानी से यहां रू-ब-रू होना पड़ा है। हालात यह है कि स्लाइडिंग वाली जगह पर पैदल चलने के लिए भी जगह शेष नहीं बच पाई है। उधर, बताया जा रहा है कि सड़क खुलने के लिए लंबा वक्त लग सकता है।