गलत नक्शा बनाने पर होगी कार्रवाई

यमुनानगर में राज्य सिविल सेवा अधिकारी समेत पांच अधिकारी तलब

चंडीगढ़ — हरियाणा के यमुनानगर में द थापर इंडस्ट्रियल वर्कर्स सहकारी आवास समिति लिमिटेड में गलत तरीके से नक्शे पास करने में मिलीभगत पाए जाने पर राज्य सिविल सेवा(एचसीएस) के एक अधिकारी समेत पांच पालिका अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होना अब तय है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस संबंध में कार्रवाई करने के आदेश दे दिए हैं। राज्य की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने बुधवार को बताया कि इस आवास समिति के गलत तरीके से नक्शे पास करने के मामले की जांच कराई गई थी तथा अतिरिक्त उपायुक्त यमुनानगर से प्राप्त रिपोर्ट पर शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का प्रस्ताव तैयार कर इसे मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री को भेजा था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता के मद्देनजर बिजेंद्र कुमार(एचसीएस) संयुक्त आयुक्त नगर निगम यमुनानगर के खिलाफ मुख्य सचिव को कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा निगम के तत्कालीन कार्यकारी अभियंता रमेश मढ़ाण (वर्तमान में नगर निगम अम्बाला के अधीक्षक अभियंता), निगम सचिव राजेंद्र प्रसाद(वर्तमान में पालिका सचिव, खरखौदा), सेवानिवृत्त निगम अभियंता विनोद गुप्ता, तत्कालीन भवन निरीक्षक सुरेंद्र वर्मा (वर्तमान में पालिका अभियंता नगर निगम पंचकूला) के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गए हैं। सरकार का इस तरह का रवैया सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दे दिए है।