चीनी सामान मत खरीदो

चंबा – स्वदेशी जागरण मंच ने शनिवार को चीन निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार को लेकर शनिवार को मुख्यालय में मौन जलूस निकाला। इस दौरान स्वदेशी जागरण मंच के सदस्यों ने विदेशी वस्तुओं खासकर चीन से निर्मित वस्तुओं का विरोध किया। इसके साथ ही लोगों को इन वस्तुओं का इस्तेमाल न करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर रामप्रकाश ने बताया कि चीन हर वर्ष भारत में विभिन्न उत्पाद बेचकर अरबों रुपए कमा रहा है। मगर चीन इसका एहसान मानने की बजाय पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ आंतकवाद की आड़ में छेड़े गए छद्दम युद्ध में उसका साथ दे रहा है। आज अमरीका में वाई अमेरिका हायर अमेरिका का नारा जोरों पर है। ब्रेक्जिट के बाद इंग्लैंड अपने लोगों की नौकिरियों को बचाने के लिए विदेशियों को बाहर निकाल रहा है। आस्ट्रेलिया भी कुछ ऐसा ही कर रहा है। चीन भी घरेलू बाजार को मजबूत करने में लगा हुआ है। इसलिए भारत को भी विदेशी की बजाय स्वदेशी पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि इसका आह्वान पंडित दीनदयाल उपाध्याय व राष्ट्र ऋषि दत्तोपंत ने भी किया। इसलिए चीन से निर्मित वस्तुओं का भी बहिष्कार करना होगा। आज राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जितना विरोध, जितनी परेशानी देश की सीमा पर चीन भारत के लिए पैदा कर रहा है। उतना दुनिया का कोई भी देश नहीं कर रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि चीनी सामान का व्यापक स्तर पर विरोध किया जाए ताकि चीन की कमर टूट जाए तथा वह भारत को आंखें न दिखा सके।