जिला में चुनावों तक फेसिलेटर की भर्ती पर लगाई रोक

चंबा —  जिला प्रशासन ने निजी संस्था के माध्यम से जारी पंचायत फेसिलेटर की भर्ती पर चुनावी प्रक्रिया तक रोक लगा दी है। संस्था को यह भर्ती प्रक्रिया चुनावों के बाद करने को कहा गया है। यह कार्रवाई भर्ती के विरोध में जिला प्रशासन के समक्ष पहुंची। शिकायत के आधार पर अमल में लाई गई है। इस संदर्भ में निजी संस्था से जवाबतलब भी किया गया है। जानकारी के अनुसार जिला की हर पंचायत में दो फेसिलेटर रखे जाने हैं। इस प्रक्रिया को एक निजी संस्था के माध्यम से निपटाया जा रहा है, जिसकी करीब आधी प्रक्रिया करीब- करीब पूरी भी हो चुकी है। इसी बीच आदर्श आचार संहिता के बीच संस्था की ओर से भर्ती प्रक्रिया जारी रखने की शिकायत किसी ने जिला प्रशासन के पास कर दी। उधर, एडीएम चंबा बलवीर ठाकुर ने बताया कि शिकायत आने के बाद भर्ती पर रोक लगा दी गई है। इस बारे में भर्ती का आयोजन करवा कर ही संबधित एनजीओ से जवाब भी मांगा गया है। फिलहाल संस्था को तुरंत प्रभाव से भर्ती प्रक्रिया रोकने को कह दिया गया है। उधर, आईआईआरडी एनजीओ तीसा की ब्लॉक को-आर्डिनेटर शालिनी ने बताया कि यह संस्था निजी है। इसमें आचार संहिता में भी भर्ती प्रक्रिया को निपटाया जा सकता है। संस्था ने इस मुद्दे पर प्रशासन से बातचीत कर अपना पक्ष भी रख दिया है।