टिकटों पर शांता भी परेशान

कहा; निर्णय का इंतजार करें कार्यकर्ता, भावनाओं में न बहो

पालमपुर— भाजपा में टिकट वितरण को लेकर बनी असमंजस की स्थिति से जहां कार्यकर्ता पसोपेश में हैं, वहीं इससे बडे़ नेता भी अछूते नहीं हैं। आलम यह है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद शांता कुमार भी बन रहे हालातों से परेशान हैं। बकौल शांता जो कुछ भी हो रहा है, उससे वह भी कार्यकर्ताओं की तरह परेशान हैं, लेकिन उम्मीद है कि अंत में सब कुछ कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप ही होगा। शांता कुमार सोमवार देर शाम पालमपुर पहुंचे और उनके पहुंचने की सूचना मिलने के बाद से ही कार्यकर्ताओं का उनके पास आना-जाना शुरू हो गया। मंगलवार को सुबह पालमपुर के अनेक भाजपाई शांता कुमार के निवास पर पहुंचे और पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा को टिकट की पैरवी करने लगे। इस बीच गुस्साए कार्यकर्ताओं ने इंदु गो बैक के नारे भी लगाए। उधर, शांता कुमार ने कार्यकर्ताओं से भावनाओं में न बहने और अंतिम नर्णिय का इंतजार करने को कहा है। शांता ने कहा कि वह वर्कर्ज की भावनाओं से परिचित हैं और यह भावनाएं आलाकमान तक पहुंचा दी गई हैं। भाजपा के उम्मीदवारों की सूची बुधवार तक जारी की जा सकती है। दूसरी ओर प्रवीण शर्मा को टिकट न दिए जाने की स्थिति में मंडल के अनेक पदाधिकारी अपने पद से इस्तीफा देने की बात कर रहे हैं।

पालमपुर से पहली बार महिला प्रत्याशी!

पालमपुर से प्रदेश महिला मोर्चा की अधयक्ष इंदु गोस्वामी को भाजपा का टिकट दिए जाने की चर्चाएं हैं। यदि ऐसा होता है तो यह पहला अवसर होगा, जब पालमपुर में कोई बड़ा दल किसी महिला को प्रत्याशी बनाएगा। इंदु गोस्वामी लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं और इस समय प्रदेश में महिला भाजपा संगठन के सर्वोच्च पद पर सेवाएं दे रही हैं।