त्योहारों पर गुरुग्राम बस अड्डे पर बढ़ी भीड़

गुरुग्राम– भैयादूज और उसके बाद छठ के त्योहार के समय गुरुग्राम बस अड्डे पर काफी भीड़ देखने को मिली। इस दिन बहनों के घर जाने वाले लोगों की भीड़ थी, जिसे देखते हुए पहली बार बसों के रूटों में बदलाव किए गए। बसों के रूटों पर शनिवार को पहली बार हुए ट्रायल से यात्रियों को यहां ज्यादा देर तक बसों का इंतजार नहीं करना पड़ा। जिन जगहों के लिए सवारियों की संख्या अधिक थी, उन्हीं जगहों पर बसों की संख्या और रूटों में बदलाव किए गए। सबसे ज्यादा भीड़ दिल्ली के सराय काले खां बस अड्डे जाने वाले यात्रियों की थी। भैयादूज और उसके बाद छठ के लिए अधिकतर यात्री अपने त्योहार मनाने के लिए अपने शहर की तरफ पलायन कर रहे हैं। बिहार, यूपी आदि राज्यों के बहुत से प्रवासी गुड़गांव में काम करते हैं। इन दोनों राज्यों में छठ को मुख्य त्योहार के रूप में मनाया जाता है। इसलिए यहां के लिए भी भीड़ दिखी। दिल्ली जाने वाले बसों की संख्या बढ़ाकर बस अड्डे से यात्रियों के भीड़ को कम किया गया। जीएम दलबीर सिंह ने बताया कि पहले से बसों के रूटों निर्धारित करने से ड्राइवरों और कंडक्टरों को उन रूटों के लिए तैयार रहना पड़ता है। ऐसे में सभी बसें अपने निर्धारित स्थानों की ही सवारियां बैठाती है। त्योहार के समय उन्हीं रूटों पर ज्यादा बसें चलाई जाएंगी। इससे यात्रियों को जल्दी से ही बसें मिल जाएंगी तथा वो निर्धारित समय पर ही अपने अपने घरों में पहुंच पाएंगे।