दुनिया पर भारत का अमरीका-चीन से ज्यादासकारात्मक प्रभाव

नई दिल्ली- अगर आप अमरीका को दुनिया का सबसे प्रभावशाली देश मानते हैं तो इस पर फिर से विचार करने की जरूरत है। दरअसल एक अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सर्वे में दुनिया के शीर्ष प्रभावशाली देशों में अमरीका को खराब रेटिंग दी गई है। अमरीका का पड़ोसी कनाडा इस सर्वे में सबसे ऊपर है, जबकि डोकलाम मसले पर चीन से अपनी बात मनवाने वाला भारत प्रभावशाली देशों के इस सर्वे में अमरीका और चीन से भी ऊपर है। भारत 53 फीसदी लोगों की पसंद के साथ चीन से एक पायदान ऊपर है। विश्व पटल पर 12 प्रभावशाली देशों की इस सूची में भारत 7वें स्थान पर है। चीन को 8वां स्थान मिला है, जबकि अमरीका इस सर्वे में नौवें स्थान पर है। अमरीका की स्थापना करने वाले संस्थापक इस देश को स्वतंत्रता और लोकतंत्र के मामले में दुनिया का झंडाबरदार बनाना चाहते थे। इस सर्वे के बाद ऐसा लगता है कि अमरीकी चौधराहट दुनिया में घटती जा रही है। इपसॉस मोरी के नए सर्वे में 25 देशों के 18 हजार लोगों से जवाब मांगा गया था। इसमें से केवल 40 फीसदी लोगों का ही मानना था कि अमरीका विश्व पटल पर सकारात्मक प्रभाव है। इस मामले में अमरीका चीन से भी पीछे है। चीन को 49 फीसदी लोगों ने विश्व पटल पर प्रभावी माना है। रूस को केवल 35 फीसदी लोग ही दुनिया में प्रभावी मानते हैं।  पिछले साल के सर्वे की तुलना में अमरीका की रेटिंग में 24 फीसदी की भारी गिरावट आई है। कनाडा 81 प्रतिशत वोट के साथ शीर्ष पर है। आस्ट्रेलिया को 79 फीसदी लोगों ने विश्व पटल पर प्रभावी माना है। वहीं, जर्मनी को 67 फीसदी लोगों ने प्रभावी माना है। फ्रांस 59 प्रतिशत के साथ चौथे और इंग्लैंड 57 फीसदी लोगों की पसंद के साथ पांचवें नंबर पर है।