मोदी-योगी भाजपा के स्टार प्रचारक

विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी ने जारी की 40 नेताओं की सूची, शाह-गडकरी-सुषमा स्वराज सहित कई मांगेंगे समर्थन

शिमला – विधानसभा चुनाव में मोदी कैबिनेट के कई चेहरे यहां प्रचार के लिए उतरेंगे। इनमें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कुल 40 नामों की सूची भाजपा ने जारी कर दी है, जो कि अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार के लिए आएंगे। इनमें हिमाचल के नेताओं के नाम भी शामिल हैं, जिनके पास अपने क्षेत्रों में प्रचार का जिम्मा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल में चुनावी जनसभाएं करेंगे, वहीं उनके साथ पार्टी अध्यक्ष अमित शाह अलग से चुनाव सभाएं करेंगे। इस सूची में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का नाम भी शामिल है, वहीं प्रेम कुमार धूमल को भी स्टार प्रचारकों की सूची में रखा गया है। भाजपा ने सभी केंद्रीय मंत्रियों व भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों के नाम सूची में सबसे ऊपर रखे हैं, जबकि हिमाचल के स्थानीय नेताओं के नाम नीचे डाले गए हैं। हालांकि भाजपा पर गुजरात चुनाव को लेकर अधिक जिम्मेदारी है, जहां पर भाजपा और कांग्रेस में तगड़ी टक्कर इस दफा लग रही है। ऐसे में राष्ट्रीय नेता हिमाचल में उतना समय शायद ही निकाल पाएंगे, यह भी तय माना जा रहा है। इस कारण यहां लोकल लीडरशिप पर अधिक जिम्मेदारी रहेगी। देखना यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिमाचल में कितनी चुनावी रैलियां होती हैं, क्योंकि अधिक भीड़भाड़ तो भाजपा उनकी रैली के लिए ही जुटा पाएगी। दूसरे नेता तो स्थानीय स्तर पर चुनावी रैलियां करके यहां माहौल गर्माने का प्रयास करेंगे।  चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची तय करने में भी भाजपा ने बाजी मार ली है। इससे पहले प्रत्याशियों के नाम भी सबसे पहले भाजपा ने ही घोषित किए थे। कांग्रेस अंत तक भी पूरे नाम घोषित नहीं कर पाई।

पं. सुखराम शामिल नहीं

भाजपा ने कांग्रेस से आए पंडित सुखराम को अपने स्टार प्रचारकों में जगह नहीं दी है। माना जा रहा था कि भाजपा मंडी जिला में पंडित सुखराम को प्रचारक के रूप में उतारेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

इनके हाथों सौंपी बागडोर

सूची में पीएम नरेंद्र मोदी सबसे पहले स्थान पर हैं, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह दूसरे स्थान पर हैं। इसी तरह राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, नितिन गडकरी, सुषमा स्वराज, रामलाल, जेपी नड्डा, थावर चंद गहलोत, स्मृति इरानी, उमा भारती, शिवराज चौहान, मनोहर लाल खट्टर, योगी आदित्यनाथ, त्रिवेंद्र रावत, डा. निर्मल सिंह, जनरल वीके सिंह, विजय सांपला, मंगल पांडे, मनोज तिवारी, सतपाल महाराज, सतपाल सत्ती, प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, अनुराग ठाकुर, वीरेंद्र कश्यप, रामस्वरूप शर्मा, संबित पात्रा, पवन राणा, चंद्र मोहन ठाकुर, राम सिंह, प्रवीण शर्मा, रश्मिधर सूद, गणेश दत्त, संदीपनी भारद्वाज, उत्तम चौधरी, सिकंदर कुमार, सूरत नेगी, मोहम्मद राजबली तथा विशाल चौहान के नाम शामिल हैं।