विधायकों की नर्सरी बनने लगा बैजनाथ

धर्मशाला से सुधीर शर्मा; पालमपुर से इंदु गोस्वामी, बैजनाथ से मुलखराज ने ठोंकी ताल

बैजनाथ— शिव नगरी बैजनाथ में चारों तरफ जश्न का माहौल है। यह भी रिकार्ड बनेगा कि इस विधानसभा क्षेत्र के बाशिंदे धर्मशाला से सुधीर शर्मा कांग्रेस से व पालमपुर से इंदु गोस्वामी भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। क्षेत्र में बुधवार को जैसे ही भाजपा द्वारा अपनी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, उसी के साथ पालमपुर से इंदु गोस्वामी, बैजनाथ से मुलखराज प्रेमी के नामों की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह दोगुना हो गया। बैजनाथ भाजपा मंडल कार्यालय व इंदु गोस्वामी के घर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने खूब पटाखे फोड़कर दीपावली आगमन पर इंदु गोस्वामी को पालमपुर से टिकट मिलने पर जश्न मनाया। इंदु गोस्वामी को टिकट मिलना भी काफी संघर्षपूर्ण रहा। यही नहीं, वर्ष 2007 के हुए चुनावों में भी इंदु गोस्वामी को टिकट मिलते-मिलते कट गया था। उस समय भाजपा ने दूलो राम को चुनाव मैदान में उतारा था। उसके बाद वर्ष 2012 में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र आरक्षित होने के साथ टिकट मिलने की उम्मीदें एक हसरत बन कर रह गईं। 1986 से एबीवीपी कार्यकर्ता के रूप में शुरू किए सफर के साथ 1990 में युवा मोर्चा  जिला सचिव, 1992 में जिला उपाध्यक्ष, 1994 में प्रदेश सचिव युवा मोर्चा, 1997 में प्रदेश महासचिव महिला मोर्चा, वर्ष 2000 में चेयरपर्सन महिला आयोग, 2007 में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, 2013 में प्रदेश सचिव भाजपा, वर्ष 2016 से अब तक प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। 1998-2002 तक बतौर चेयरपर्सन महिला कमीशन भी कार्य किया। वर्ष 2012 में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के आरक्षित होने पर विधायक का चुनाव लड़ना सपना सा बन गया, मगर जैसे ही भाजपा व शीर्ष संगठन द्वारा इंदु गोस्वामी को प्रदेश महिला मोर्चा संगठन की जिम्मेदारी सौंपी, तो मात्र चार माह में ही पूरे प्रदेश में जगह-जगह महिलाओं को संगठित कर उनके सफल कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं में एक क्रांति पैदा कर दी।