वीरभद्र सिंह की सीट पर फिर असमंजस

शिमला सीट पर बढ़ा विवाद, सुक्खू-जनारथा या कुलदीप में चल रहा घमासान

शिमला— कांग्रेस पार्टी में जहां मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की चुनावी सीट को लेकर एक दफा फिर से असमंजस पैदा हो गया है, वहीं शिमला सीट पर पार्टी में घमासान कम नहीं हो रहा। शिमला सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में एक और नाम पार्टी के अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू का सामने आ गया है। कांगे्रस सूत्रों के अनुसार सुक्खू नादौन से नहीं, बल्कि शिमला से पार्टी उम्मीदवार के रूप में उतर सकते हैं। ऐसे में अंदरखाते बवाल मचा हुआ है। उधर, वीरभद्र सिंह ठियोग से चुनाव लड़ेंगे या नहीं इसे लेकर फिर से असमंजस पैदा हो गया है। पूरा दिन उनके अर्की से चुनाव लड़ने की सूचनाएं आती रहीं, जिन पर अभी भी पर्दा पड़ा हुआ है। हालांकि ठियोग कांगे्रस के नेताओं ने इन चर्चाओं को झूठा करार दिया, मगर पार्टी सूत्रों के अनुसार अभी कुछ भी गेम बदल सकती है। सूत्र बताते हैं कि कहीं विद्या स्टोक्स दोबारा से मैदान में न उतर जाएं, इसकी भी संभावनाएं हैं, क्योंकि इन मामलों पर कांग्रेस की दिल्ली में हुई बैठकों में खासा मंथन हुआ। अभी भी चर्चाएं चल रही हैं। शिमला सीट पर अन्य लोगों से अलग पार्टी के अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू का नाम भी आगे आ गया है। सुक्खू शिमला नगर निगम में यहां से पार्षद भी रह चुके हैं और उनका अपना आवास शिमला में है। सूत्रों के अनुसार इस मामले में अब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी कुछ नहीं कह रहे। यही नहीं, शिमला सीट पर विवाद इसलिए भी है, क्योंकि आनंद शर्मा यहां से अपने एक समर्थक कुलदीप राठौर के लिए टिकट मांग रहे हैं। हाल ही में आनंद शर्मा कुलदीप राठौर की बेटी की शादी में शरीक होने के लिए विशेष तौर पर शिमला आए थे। दूसरी ओर वीरभद्र सिंह और स्टोक्स को लेकर भी चर्चा गर्म हो गई है। सीट जीतने के लिए यदि स्टोक्स को वापस चुनाव लड़ा दिया जाता है तो इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।

ठियोग ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्मानंद का दावा

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ठियोग ब्रह्मानंद शर्मा ने कहा कि सीएम ठियोग से ही लड़ेंगे और उनका नामांकन 20 अक्तूबर को सुबह 11 बजे होगा। इसके साथ उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र भरने के मौके पर तैयारियां करने के लिए बुधवार को सुबह 11 बजे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक रखी गई है।