सोलन-दून-अर्की-कसौली हलके में कांग्रेस का वर्चस्व

भाजपा-कांग्रेस के बीच हमेशा रही कांटे की टक्कर, दून विधानसभा क्षेत्र में एक बार ही खाता खोल पाई बीजेपी

सोलन – सोलन जिला के अधिकतर निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी का वर्चस्व रहा है। जिला के दून निर्वाचन क्षेत्र में तो भाजपा केवल एक बार ही अपना खाता खोल पाई है। वर्ष 2007 में  भाजपा की उम्मीदवार विनोद चंदेल ने यहां से अपनी जीत दर्ज कर इतिहास रचा था। इसी प्रकार कसौली निर्वाचन क्षेत्र में भी भाजपा केवल चार बार अपना खाता खोल पाई है, जबकि कांग्रेस पार्टी यहां से सात बार चुनाव जीत चुकी है। यदि सोलन निर्वाचन क्षेत्र की बात करें, तो यहां पर भाजपा और कांग्रेस के बीच हमेशा कांटे की टक्कर रही है। सोलन निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के  के. राम ने वर्ष 1967 में पहली  बार पार्टी का खाता खोला था। इसके बाद कांग्रेस यहां से पांच बार चुनाव जीतने में सफल रही है, जबकि सोलन से भाजपा के पहले विधायक वर्ष 1982 में रामानंद बने थे। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के डा. राजीव बिंदल ने लगातार तीन बार अपनी जीत दर्ज की थी। अर्की निर्वाचन क्षेत्र में भी भाजपा और कांगे्रस के बीच कांटे का मुकाबला रहा है। यहां से पहली बार 1982 में नगीन चंद्र पाल ने भारतीय जनता पार्टी का खाता खोला था। इसके बाद भाजपा तीन बार जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस के विधायक हरि सिंह पाल 1985 में पहली बार विधायक बने। इसके बाद कांगे्रस के विधायक धर्मपाल ने लगातार तीन बार जीत दर्ज की।

कसौली में छह बार कांग्रेस के हाथ कमान

कसौली निर्वाचन क्षेत्र में भी कांग्रेस का दबदबा रहा है। यहां से लाल चंद्र प्राथी 1967 में पहली बार कांग्रेस के विधायक बने। इसके बाद इस निर्वाचन क्षेत्र में कांगे्रस ने छह बार जीत दर्ज की है। कसौली में भाजपा 1990 में अपना खाता खोलने में कामयाब रही। सतपाल कंबोज ने कांग्रेस के विधायक रघु राज को हराया। इसके बाद भाजपा के विधायक राजीव सैहजल ने लगातार दो बार जीत दर्ज की।

इन विधानसभा क्षेत्रों में इनका रहा दबदबा

सोलन : 1951 में हीरा सिंह पाल (आजाद), 1951 राम दास (एससी फेडरेशन), 1952 हीरा सिंह पाल (प्रजा सोशलिस्ट पार्टी), 1967 के. राम (कांगे्रस), 1972 कृष्ण दत्त (आजाद), 1977 गौरी शंकर (जनता पार्टी), 1982 रामानंद (भाजपा), 1985 ज्ञान चंद टुटू (कांग्रेस), 1990 महेंद्र नाथ सोफत (भाजपा), 1993 कृष्णा मोहिनी (कांग्रेस), 1998 कृष्णा मोहिनी (कांग्रेस), 2000, 2003, 2007 डा. राजीव बिंदल (भाजपा), 2012 कर्नल धनीराम शांडिल (कांगे्रस)। दून ः 1967 लेख राम (आजाद), 1972 लेख राम (कांगे्रस), 1977, 1982, 1985 राम प्रताप चंदेल (कांग्रेस), 1990, 1993, 1998, 2003 चौधरी लज्जाराम (कांग्रेस), 2007 विनोद कुमारी (भाजपा), 2012 राम कुमार (कांग्रेस)। अर्की ः 1967 एचएस पाल (आजाद), 1972 हीरासिंह पाल (एलआरपी), 1977 नगीन चंद्र पाल (जेएनपी), 1982 नगीन चंद्र पाल (भाजपा), 1985 हीरा सिंह पाल (कांग्रेस), 1990 नगीन चंद्र पाल (भाजपा), 1993, 1998, 2003 धर्म पाल (कांग्रेस), 2007, 2012 गोविंद राम (भाजपा)। कसौली ः 1967, 1972 लालचंद प्राथी (कांग्रेस), 1977 चमन लाल (भाजपा), 1982, 1985 रघु राज (कांग्रेस), 1990 सत्यपाल कंबोज (भाजपा), 1993, 1998, 2003 रघु राज (कांग्रेस), 2007, 2012 राजीव सैहजल (भाजपा)