स्कूल-कालेज कांग्रेस की ही देन

रामपुर में वीरभद्र सिंह ने गिनाई उपलब्धियां; बोले, पूरा हिमाचल है मेरा घरा

रामपुर बुशहर— मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रामपुर स्थित दरबार में पार्टी नेताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि रामपुर ही नहीं बल्कि पूरा हिमाचल मेरा घर है। सीएम ने यह बात कांग्रेस प्रत्याशी नंद लाल के रामपुर विस सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद कही। वीरभद्र ने कहा कि यदि समय मिला तो चुनावी सभा करने रामपुर दोबारा आऊंगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि रामपुर में करीब सवा सौ साल पहले हाई स्कूल खोला गया था। इसके अलावा क्षेत्र में कोई अन्य स्कूल नहीं था। कालेज का तो नामोनिशान तक नहीं था। आज क्षेत्र में करीब 1600 स्कूल खुल चुके हैं। कई कालेज खोले जा चुके हैं। पूरे प्रदेश में साढे़ 17 हजार स्कूल और 145 कालेज सरकार ने खोले हैं। सरकार ने सड़कों, पेयजल और स्वास्थ्य क्षेत्र में बखूबी विकास किया है। 70 हजार लोगों को सरकारी नौकरी दी है। सामाजिक पेंशन बढ़ाई है। कौशल विकास भत्ता दिया जा रहा है। प्रदेश में आईआईएम, आईआईटी और मेडिकल कालेज खोले हैं। वहीं एम्स   खोलने के लिए जमीन भी दी है। इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी नंद लाल, एसआईडीसी उपाध्यक्ष अतुल शर्मा, नप अध्यक्ष मीना कुमारी, नप उपाध्यक्ष दीपक सूद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश वर्मा, मीडिया प्रभारी अनिरूद्ध बिष्ट, युकां अध्यक्ष रामपुर जसवीर ठाकुर, जिला परिषद सदस्य विकेश चौहान, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष राहुल सोनी, अशोक नेगी, यशपाल सोनी, सत्या भूषण, कृष्ण गोपाल, ध्रुव शर्मा, त्रिलोक भलूनी और अंकुर शर्मा सहित कई अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।