हरियाणा स्वर्ण जंयती पर दौडे़ यमुनानगरवासी

यमुनानगर —  हरियाणा स्वर्ण जंयती के उपलक्ष में पुलिस विभाग यमुनानगर द्वारा आज प्रातः छह बजे स्थानीय तेजली खेल परिसर से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस मैराथन दौड़ का शुभारंभ पूर्व ओलंपिक पदक विजेता कर्णम मलेश्वरी, उपायुक्त रोहतास सिंह खर्ब व पुलिस अधीक्षक राजेश कालिया ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर किया। उपायुक्त रोहतास सिंह खरब ने कहा कि खेल हमारी जिन्दगी का अहम हिस्सा है और खेल हमें आपसी भाईचारे की भावना से जोडऩे का काम करते हैं। खेल खेलने से हम तनाव मुक्त होते हैं तथा हारने पर हमें ओर आगे बढने की प्रेरणा मिलती हैं। आज हर व्यक्ति तनाव में रहता है और तनाव को हम खेलों के माध्यम से ही दूर कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश कालिया ने कहा कि खेलों से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा इनसे आपस में मेलजोल की भावना बढ़ती है। उन्होंने बताया कि इस मैराथन दौड में पांच किलोमीटर व 11 किलोमीटर दूरी की दौड़ का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि पांच किलोमीटर दौड़ तेजली खेल परिसर से शुरू होकर कान्वेंट स्कूल जगाधरी से वापिस तेजली खेल परिसर तक आएगी।