हर्षिता की बहन के पति पर आरोप

हरियाणवी गायिका की हत्या मामले में बहन बोली, मेरे पति ने ही किया मर्डर

पानीपत —  हरियाणवी गायिका एवं नृत्यांगना हर्षिता दहिया की हत्या के मामले में उसकी बड़ी बहन लता ने अपने पति दिनेश पर शक जताया है। लोक गायिका हर्षिता की बड़ी बहन लता बुधवार कोे अपने मामा के साथ पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंची। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में लता ने बहन की हत्या का शक अपने पति दिनेश पर जताया है। दिनेश कराला गांव, दिल्ली का निवासी है। लता ने बताया कि 2014 में उसके पति दिनेश ने उसकी मां की हत्या कर दी थी। हर्षिता अपनी मां की हत्या के मामले में गवाह थी। उसके कुछ समय बाद उसके पति ने उसकी बहन हर्षिता के साथ दुष्कर्म किया। उसकी मां की हत्या और हर्षिता के साथ दुष्कर्म समेत कई आपराधिक मामलों में नामजद होने के बाद से दिनेश आजकल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। थाना इसराना पुलिस ने हर्षिता के शव का पोस्टमार्टम करवाया है। तीन चिकित्सकों के पैनल ने हर्षिता के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इससे पहले पुलिस ने हर्षिता के शव का एक्स-रे करवाया। एक्स-रे रिपोर्ट में हर्षिता को तीन गोली लगी हुई थीं। दो गोली सिर और एक गोली गर्दन में लगी है। बाकी चार गोलियां शरीर को छू कर निकली थीं, जिसके हर्षिता के शव पर निशान हैं। पानीपत के गांव चमराड़ा के पास मंगलवार शाम कार सवार कई हथियारबंद बदमाशों ने लोक गायिका हर्षिता चौधरी पर गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। वह चमराड़ा गांव में ‘किसान मिशन कार्यक्रम’ में अपनी प्रस्तुति देने आई हुई थी। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद दो अन्य सहयोगियों के साथ वापस जा रही थी। उसकी कार जैसे ही चमराड़ा गांव से काकोदा गांव की तरफ मुड़ी तो पीछे से काले रंग की कार आई और उनकी गाड़ी के आगे आकर कर खड़ी हो गई और कई हथियारबंद बदमाशों ने हर्षिता के चालक, उसके सहयोगी संजीव निवासी गुमड़ और निशा को नीचे उतार दिया। हर्षिता कुछ समझ पाती तब तक उन्होंने उस पर गोलियां चला दीं। हर्षिता की मौके पर मौत हो गई। पुलिस उपाधीक्षक देशराज ने बताया कि पुलिस हर्षिता दहिया की मौत के मामले में गहन जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि उसकी बहन लता ने हर्षिता की हत्या कराने के मामले में अपने पति दिनेश पर शक जताया है।