हिमाचल से मानसून रुखसत

इस बरसात में सामान्य से 15 फीसदी कम बरसे बादल

 शिमला — हिमाचल प्रदेश से मानसून रुखसत हो गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को पहाड़ी प्रदेश से मानसून रुखसत होने का दावा किया है। विभाग के पूर्वानुमान के तहत समूचे राज्य में छह अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान चटक धूप खिलने से तापमान में और उछाल आने की उम्मीदें जताई जा रही है। प्रदेश में इस मानसून से 15 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। राज्य के लाहौल स्पिति, किन्नौर व चम्बा में सामान्य से कम बारिश आंकी गई है, जबकि प्रदेश के शेष क्षेत्रों में सामान्य बारिश दर्ज की गई है। राज्य के लाहौल स्पिति में 70 प्रतिशत, किन्नौर में 38 फीसदी और चंबा में 50 प्रतिशत कम बारिश (सामान्य से) आंकी गई है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मानसून शुष्क बना रहा और चटक धूप खिली रही। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य भर में मौसम साफ बना रहा। जिससे तापमान में उछाल आया है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 24.0, सुंदरनगर में 32.0, भुंतर में 31.8, कल्पा में 23.0, धर्मशाला में 27.4, ऊना में 35.0, नाहन में 27.2, सोलन में 28.2, कांगड़ा में 31.7, चम्बा में 30.6, डलहौजी में 20.4, बिलासपुर में 32.3 और हमीरपुर में 32.0, डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मन मोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश से मानसून रूखस्त हो गया है। राज्य भर में छह अक्तूबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा और चटक धूप खिलेगी जिससे तापमान में और उछाल आएगा।