17 तक साफ रहेगा मौसम

प्रदेश में ऊना जिला सबसे गर्म, 35 डिग्री से पार पहुंचा पारा

शिमला—  मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में आगामी 17 अक्तूबर तक प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। 12 से 17 अक्तूबर तक मैदानी, मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। मौसम साफ रहने के कारण मैदानों में लोग गर्मी से जूझ रहे हैं। बुधवार को मध्यम और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे, जबकि मैदानी क्षेत्रों में धूप खिली रही। इसके चलते मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। बुधवार को ऊना प्रदेश का सबसे गर्म जिला  रहा। ऊना का अधिकतम तापमान बुधवार को 35.4 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं कांगड़ा में 31.5, हमीरपुर में 30.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। इसी तरह अन्य स्थानों पर भी अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि 17 अक्तूबर तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। बहरहाल मौसम विभाग ने प्रदेश में अभी बारिश नहीं होने की संभावनाएं जताई हैं। धूप खिलने से आने वाले दिनों में तापमान को बढ़ोतरी हो सकती है।

तापमान पर नजर

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    23.9      13.6

सुंदरनगर  30.7      13.1

भुंतर       31.0      11.0

कल्पा     21.4       6.0

धर्मशाला  27.6      16.2

ऊना       35.4       18.4

नाहन      28.8       17.7

सोलन     26.4      12.3