अफसरों को धमकी

शिमला— शिमला में हिमाचल पथ परिवहन निगम के एक परिचालक ने कार्यालय में जमकर हंगामा किया। परिचालक को जब रोका गया तो उसने अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार परिवहन निगम में कार्यरत एक परिचालक ने गुरुवार को कार्यालय में खूब हंगामा किया। बताया जा रहा है कि वह अपनी ड्यूटी को लेकर नाखुश था और इसको लेकर अपने अधिकारियों के साथ उलझ गया। पुलिस के अनुसार परिचालक अपनी पसंद के रूट पर ड्यूटी लगाने की मांग कर रहा था। बुधवार रात आरोपी परिचालक ने अधिकारियों को फोन किया और अपनी ड्यूटी के बारे में शिकायत की। वह उस रूट पर नहीं जाना चाहता था, जहां उसकी ड्यूटी लगाई गई थी। अधिकारियों के अनुसार परिचालक नशे में था और उसने फोन पर ही उनसे गाली-गलौज की। अधिकारियों ने उस दिन में कार्यालय बुलाया, लेकिन परिचालक शांत नहीं हुआ और गाली-गालौज करने लगा। आरोप है कि उसने परिवहन निगम के डीएम और आरएम को जान से मारने की धमकी भी दी। इस पर अधिकारियों ने  बालूगंज थाना में शिकायत कर दी। पुलिस ने आरोपी परिचालक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।