कैथल में गीता महोत्सव की तैयारी

28 से 30 नवंबर तक आयोजन, अधिकारियों ने तय की रणनीति

कैथल  —  जिला प्रशासन द्वारा जिला में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित की जाने वाली गीता जयंती महोत्सव के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। गीता जयंती महोत्सव के दौरान भाई उदय सिंह किला पर हरियाणा सरकार की उपलब्धियों से परिपूर्ण प्रदर्शनी में गीता से संबंधित श्लोक व संदेश भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इन सभी तैयारियों को पूरा करने के लिए जिला उपायुक्त सुनीता वर्मा ने 21 नवंबर को सुबह दस बजे लघु सचिवालय के सभाकक्ष में प्रशासन के अधिकारियों की आवश्यक बैठक बुलाई गई है। उपायुक्त सुनीता वर्मा ने बताया कि 28 नवंबर को सुबह हवन यज्ञ के साथ प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जाएगा। इन तीनों दिन कलाकार हरियाणा प्रदेश के साथ-साथ अन्य प्रदेशों की समृद्ध संस्कृति की झलक बिखेरेंगे तथा इन तीन दिनों में इन समारोहों में आने वाले लोगों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। इन कलाकारों में नगाड़ा वादक, बीन वादक, डमरू, सारंगी वादक के साथ-साथ संस्कृति से जुड़ी अलग-अलग प्रस्तुतियां देकर उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को गीता के संदेश व विषय से संबंधित एक सेमिनार का आयोजन भी किया जाएगा। सेमिनार में गीता के मर्मज्ञ वक्ता गीता ज्ञान की वर्षा करेंगे। इसके अतिरिक्त 30 नवंबर को नगर शोभा यात्रा का शुभारंभ माता गेट से होगा, जो भाई उदय सिंह किला परिसर में संपन्न होगी। इस शोभा यात्रा में कई सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं सक्रीय रूप से भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को सायं छह बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गीता के पर लाईट एंड साउंड प्रोग्राम के साथ विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।