दिल्ली में गरजेंगे हिमाचली कर्मी

कल होगी भामस की रैली, प्रदेश से भी जाएंगे हजारों मुलाजिम

अंब —  भारतीय मजदूर संघ द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में 17 नवंबर को की जा रही राष्ट्र स्तरीय रैली में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड तकनीकी कर्मचारी संघ के कार्यकर्ता, इकाई प्रधान, सचिव, जिला प्रधान, सचिव, प्रदेश पदाधिकारी भारी संख्या में भाग लेंगे। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि तकनीकी कर्मचारियों के हकों के लिए तकनीकी कर्मचारी संघ दिल्ली में रोष प्रदर्शन में भाग लेगा। सुनील शर्मा ने कहा कि सरकार को तकनीकी कर्मचारियों की जायज मांगों को तत्काल पूरा करना चाहिए। तकनीकी कर्मचारियों की मांग है कि पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल किया जाए, समान काम-समान वेतन की नीति को लागू किया जाए व महिलाओं के लिए सरकार सुरक्षा बिल पास करवाया जाए। सुनील शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश  राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड प्रबंधक वर्ग द्वारा तकनीकी कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है।

हिमाचल से जाएंगे 3000 मजदूर-कर्मचारी

मैहतपुर – केंद्र सरकार की कर्मचारी व मजदूर विरोधी नीतियों के विरोध में भारतीय मजदूर संघ 17 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक रैली का आयोजन करेगा। भामस के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि इस इस रैली में प्रदेश के 3000 मजदूर व कर्मचारी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि मजदूर वर्ग की चिरलंबित मांगों को लेकर भामस ने संघर्ष का बिगुल बजाया है। इसमें पुरानी पेंशन योजना को बहाल करवाना, बोर्ड व निगम कर्मचारियों को पेंशन योजना लागू करवाना, सरकारी विभागों में तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के पदों को भरना, ठेकेदारी प्रथा पर अंकुश लगवाना, मजदूरों का वेतन 14000 प्रतिमाह करना व जलरक्षकों का मानदेय बढ़ाना प्रमुख हैं।