भाजपा जीती तो धूमल सीएम

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राजगढ़ में किया ऐलान, 25 मिनट के संबोधन में राहुल गांधी-वीरभद्र सिंह पर कसे तंज

राजगढ़, डमटाल— भाजपा ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए मंगलवार को प्रो. प्रेम कुमार धूमल को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने यह ऐलान करते हुए कहा कि हिमाचल में विधानसभा चुनाव प्रेम कुमार धूमलके नेतृत्व में लड़ा जाएगा और वही प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के समर्थन में राजगढ़ में आयोजित परिवर्तन रैली में श्री शाह ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर प्रेम कुमार धूमल को भावी मुख्यमंत्री घोषित किए जाने से प्रदेश में चले आ रहे गतिरोध और कांग्रेस के सवालों पर भी विराम लग गया है। अमित शाह की इस रैली में पच्छाद के हर क्षेत्र से काफी संख्या में लोग उपस्थित थे। अमित शाह ने अपने 25 मिनट के संबोधन में राहुल गांधी और प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर खूब तंज कसे और कहा कि यह चुनाव मोदी जी और धूमल जी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर पांच वर्ष बाद सरकार बदलने की प्रथा चली आ रही है, लेकिन इस बार अगले 20 वर्षों के लिए भाजपा की सरकार बनने जा रही है, क्योंकि भाजपा पांच वर्षों में जो विकास करती है, कांग्रेस भ्रष्टाचार से उसकी हवा निकाल देती है। इन पांच वर्षों में भी प्रदेश में वन, खनन, ट्रांसफर माफिया हावी रहा। प्रदेश को ऐसी सरकार की जरूरत है जो इस देव और वीर भूमि को देश का नंबर एक राज्य बना सके। उन्होंने कहा कि पहले हिमाचल देश में सबसे शांत प्रदेश था, लेकिन वीरभद्र की सरकार के समय यह क्राइम के मामले में 30वें से 17वें नंबर पर आ गया है और यह अकेला प्रदेश है, जहां मुख्यमंत्री और उनका पूरा परिवार भ्रष्टाचार में संलिप्त है। उन्होंने कोटखाई प्रकरण पर भी प्रदेश सरकार को दोषी ठहराया और कहा कि अगर प्रदेश में कानून की स्थापना करनी है तो एक तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनानी होगी। अमित शाह ने कांग्रेस और भ्रष्टाचार को एक-दूसरे का पर्यायवाची बताया और कहा कि केंद्र ने हिमाचल को 71 हजार करोड़ अधिक ग्रांट दी है, लेकिन प्रदेश सरकार ने उससे आम जनता को फायदा नहीं पहुंचने दिया और कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता अपनी जेबें भरने में लगे रहे। उन्होंने कांग्रेस द्वारा साढ़े तीन वर्षों का हिसाब मांगने की बात पर कहा कि 10 लाख करोड़ के घोटाले करने वाली सरकार को इसका कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी द्वारा 106 योजनाएं आरंभ की गई हैं और 2019 के चुनावों के समय हम पूरा हिसाब जनता को देंगे। इससे पहले इंदौरा के सूरजपुर में आयोजित परिवर्तन रैली में श्री शाह ने भाजपा प्रत्याशी रीता धीमान के पक्ष में प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री और उनकी सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह समाई हुई है। प्रदेश में माफियाओं का राज है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर व्यंग्य भरे स्वर में उन्होंने कहा कि राहुल बाबा हमसे हमारे दो साल के कार्यकाल का हिसाब मांगते हैं, लेकिन उनकी सरकार ने 50 साल तक देश पर राज किया, उसका हिसाब कब देंगे।

इस बार सुजानपुर विधानसभा पर सबकी नजरें

दो बार हिमाचल के सीएम रह चुके प्रो. प्रेम कुमार धूमल इस बार सुजानपुर विधानसभा सीट से मैदान में हैं। वह 2012 में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से लड़े थे। इससे पहले वह बमसन सीट से लड़ते थे। धूमल नेता प्रतिपक्ष हैं। इस बार पार्टी हाइकमान ने इनका विधानसभा क्षेत्र बदला है। ऐसे में सभी की नजरें उन पर हैं।