रंगीला राव-मनजीत पर गाज के आसार

सरकाघाट ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में पूर्व मंत्री को पार्र्टी से निष्कासित करने का प्रस्ताव, भितरघात का आरोप

पटड़ीघाट— सरकाघाट ब्लॉक कांग्रेस का जनरल हाउस सरकाघाट ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लश्करी राम ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।  जिसमें सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी एवं जिला सुंदरनगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पवन ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुए चुनावों के बारे में विस्तृत चर्चा हुई और क्षेत्र के 107 बूथों की विस्तृत तौर पर समीक्षा की गई।  सरकाघाट कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का आक्रोश विशेष तौर पर इस विषय रहा कि जिस व्यक्ति को कांग्रेस पार्टी ने मान-सम्मान दिया व सरकाघाट क्षेत्र से पार्टी ने कैबिनेट मंत्री, विधायक, प्रत्याशी कई बार हार के बाद भी पदों पर बिठाकर झंडी प्रदान की, उस व्यक्ति ने कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी पवन ठाकुर के विरुद्ध चुनावों में प्रचार कर भितरघात किया। उस व्यक्ति को कांग्रेस पार्टी से हमेशा के लिए निष्कासित किया जाए। इस अवसर पर सरकाघाट ब्लॉक के पर्यवेक्षक नरेंद्र ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष संदीप वशिष्ट, बीडीसी चेयरमैन उमा देवी, वाइस चेयरमैन रणजीत सिंह, जिला परिषद सदस्य मनोहर लाल कई पंचायतों के प्रधान उपप्रधान, एनएसयूआई के पदाधिकारी, सरकाघाट शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अश्वनी गुलेरिया, संजय शर्मा, लीगल कांग्रेस के नरेश शर्मा एवं पदाधिकारी सहित कई गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इनका भी मांगा निष्कासन

जिला परिषद सदस्य सचिन वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष सुनील चड्ढा, कांग्रेस सेवा दल महासचिव विजय पाल चौहान, युकां अध्यक्ष अखिल गुप्ता, महिला कांग्रेस अध्यक्ष उषा देवी का निष्कासन का प्रस्ताव पारित किया है। इससे पहले टिकट के दावेदार यदुपति ठाकुर, मंडल अध्यक्ष योगराज ठाकुर, अनिल शर्मा व अर्जुन सिंह कौंडल को चुनाव के बाद पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है।

बड़सर-बिझड़ी कमेटी की बैठक में पूर्व विधायक को पत्नी सहित पार्टी से बाहर करने की मांग, हाई कमान को भेजी सिफारिश

बिझड़ी— ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बड़सर व बिझड़ी की संयुक्त बैठक में पूर्व विधायक मनजीत सिंह डोगरा व उनकी धर्मपत्नी   की कांग्रेस पार्टी की सदस्यता छह वर्ष के लिए निष्कासित करने करने की सिफारिश हाईकमान से की है। कार्यकर्ताओं ने दोनों पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप लगाए हैं।  प्रदेश विधानसभा चुनावों की समीक्षा करने हेतु सोमवार को मैहेरे में दोनों इकाइयों के अध्यक्षों सुरजीत और विपन ढटवालिया की सयुंक्त रूप से अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस  बैठक में विधानसभा क्षेत्र बड़सर के विभिन्न पोलिंग बूथों में पार्टी प्रदर्शन संबंधित  कार्यकर्ताओं से फीडबैक ली गई। पूरे क्षेत्र में पार्टी की स्थिति को संतोषजनक बताया गया और पार्टी उम्मीदवार इंद्रदत्त लखनपाल के जीतने की पूरी-पूरी संभावना जताई  गई। ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकरियों एवं कार्यकारणी सदस्यों ने कुछ कांग्रेस नेताओं एवं सदस्यों पर भितरघात एवं पार्टी विरोधी गतिविधयों में संलिप्त होने के प्रमाण सहित आरोप लगाए। कार्यकर्ताओं का मुख्य फोकस पूर्व विधायक मनजीत सिंह डोगरा व उनकी धर्मपत्नी जिला परिषद सदस्य एवं प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अरविंद कौर रानी रहे। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप भी लगाया। इन आरोपों पर  विस्तरित चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से हाउस ने उपरोक्त प्रस्ताव पारित करते हुए पूर्व विधायक मनजीत सिंह डोगरा व उनकी धर्मपत्नी अरविंद कौर को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदयस्ता छह वर्ष के लिए निष्कासित करने की सिफारिश हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं पार्टी हाई कमान से की है। इसके अलावा एक प्रस्ताव भी पारित किया, जिसमें बड़सर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का चुनावों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने के लिए धन्यवाद किया गया। बैठक में दोनों इकाइयों के अध्यक्षों सुरजीत और विपन ढटवालिया, पीसीसी डेलीगेट राजेंद्र जार, सेवादल प्रदेश प्रवक्ता नरेश लखनपाल, जिला कांग्रेस महासचिव कमल पठानिया  एवं पवन कालिया, उपाध्यक्ष सुदर्शन शर्मा, अमी चंद शर्मा, डीएस जसवाल, निक्का राम शर्मा, देवदत्त शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा ढटवालिया, जिला कांग्रेस सचिव भूपिंद्र ठाकुर एवं डैनी जसवाल, सतीश बन्याल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल राणा, एनएसयू आई जिला उपाध्यक्ष रुब्बल ठाकुर, सेवादास प्रधान बड़सर, सेवादल अध्यक्ष केवल धीमान, योगराज कालिया, उधो राम, देवेंद्र राणा, शरण प्रसाद, कमर खान, कृष्ण कुमार, कैप्टन सोमदत्त, अंजना कुमारी, प्रेम चंद सागर, कै. केवल कृष्ण, सुबेदार बलवंत सिंह, इंद्रजीत सिंह, संजय कुमार अन्य कार्यकारणी सदस्य उपस्थित रहे।