बहुमत से सत्ता में आएगी भाजपा

गगरेट में धूमल का दावा, सरकार बनते ही सुधारेंगे कानून व्यवस्था

गगरेट— नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा से सीएम पद के प्रत्याशी प्रेम कुमार धूमल ने दावा किया है कि भाजपा प्रदेश में बहुमत से सरकार बनाएगी। सरकार बनने के बाद उनकी प्राथमिकता जानमाल की सुरक्षा के साथ महिला सम्मान की सुरक्षा करना होगा। इसके साथ ही प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार को समाप्त किया जाएगा और ठप पड़े विकास कार्यों को फिर से गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर द्वेष भावना के साथ बनाए गए झूठे मामले वापस लेने पर भी विचार किया जाएगा। श्री धूमल रविवार को गगरेट में पत्रकारों से रू-ब-रू थे। एक सवाल के जवाब में श्री धूमल ने कहा कि भाजपा सरकार वही कार्य करेगी जो भाजपा के दृष्टिपत्र में शामिल हैं। कांग्रेस ने अपनी निश्चित हार देख कर जनता के साथ तथ्यों से परे जाकर भी वादे किए, क्योंकि कांग्रेस को पता था कि उसकी सत्ता से विदाई हो रही है। श्री धूमल ने कर्मचारियों की पुरानी पेंशन पद्धति को बहाल करने के कांग्रेस द्वारा किए गए वादे पर आगे कोई भी कार्रवाई न करने के साथ संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में प्रदेश में माफिया राज का बोलबाला था और भ्रष्टाचार चरम पर था। भाजपा के सत्ता संभालते ही भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाएगी और पिछले पांच साल से ठप पड़े विकास कार्यों को फिर से पटरी पर लाया जाएगा। भाजपा के सत्ता में आने के बाद प्रदेश के तमाम जिलों को सरकार में अधिमान दिया जाएगा। यह बात उन्होंने इस सवाल के जवाब में कही कि क्या जिला ऊना को भी भाजपा के सत्तासीन होने की सूरत में मंत्रिमंडल में स्थान मिलेगा? पिछली धूमल सरकार में जिला ऊना को मंत्रीमंडल में स्थान नहीं मिल पाया था। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, विधानसभा क्षेत्र गगरेट से भाजपा प्रत्याशी राजेश ठाकुर,  सुशील कालिया, राममूर्ति शर्मा, नेत्री लक्ष्मी जरियाल, मीनू चौधरी, मिन्नी मिन्हास, बीडीसी सदस्य सुमन कुमारी, नरेंद्र निंदी सहित अन्य मौजूद रहे।