रक्तदान कर कमाया पुण्य

यमुनानगर में शहीद उधम सिंह जयंती पर मंत्री कर्णदेव ने किया शुभारंभ

यमुनानगर— रादौर की कांबोज धर्मशाला में बड़े ही उत्साह व हर्षोउल्लास के साथ शहीद उधम सिंह जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। इस शिविर का उद्घाटन हरियाणा के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री कर्ण देव कांबोज ने किया। राज्यमंत्री कर्ण देव कांबोज ने रादौर की कांबोज धर्मशाला के लिए दस लाख रुपए देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर जनता पब्लिक स्कूल अलाहर के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। राज्यमंत्री कर्ण देव कांबोज ने कहा कि उधम सिंह 13 अप्रैल,1919 को घटित जालियांवाला बाग नरसंहार के प्रत्यक्षदर्शी थे। इस घटना से वीर उधम सिंह तिलमिला गए और उन्होंने जलियांवाला बाग की मिट्टी हाथ में लेकर माइकल ओ डायर को मारने की प्रतिज्ञा ले ली। अपने मिशन को अंजाम देने के लिए उधम सिंह ने विभिन्न नामों से अनेक देशों में गए। उन्होंने कहा कि 1934 में उधम सिंह लंदन पहुंचे और वहां रहने लगे। जलियांवाला बाग हत्याकांड के 21 साल बाद 13 मार्च, 1940 को रायल सेंट्रल एशियन सोसायटी की लंदन के काक्सटन हाल में बैठक थी, जहां माइकल ओ डायर भी मौजूद था। उधम सिंह ने माइकल ओ डायर पर दो-तीन गोलियां दाग दीं, जिससे उसकी तत्काल मौत हो गई। उधम सिंह ने वहां से भागने की कोशिश नहीं की और गिरफ्तार हो गए। उन पर मुकद्दमा चला और 31 जुलाई,1940 को उन्हें पेंटनविले जेल में उन्हें फांसी दे दी गई। समारोह में विशेष रूप से श्याम सिंह राणा, कुमेर सिंह कांबोज, ज्ञान चंद्र, रणबीर सिंह, मामराज कांबोज, सतपाल बुबका, सुनील कौशल, मान सिंह आर्य, ऋषिपाल सैणी, लाल चंद्र, सुलेख चंद्र, लज्जा राम, जय प्रकाश, दलेल सिंह,  हरपाल मारूपर, ओम प्रकाश सहगल, कमलजीत,  राजेंद्र रादौरी, राजेश कांबोज, सुखबीर बकाना, जरनैल पंजेटों, माया राम, राजकुमार सहित क्षेत्र के गणमान्य भी उपस्थित थे।