आरजे मनीषा की आवाज के लाखों दीवाने

सोलन— सोलन की रहने वाली मनीषा की आवाज को प्रतिदिन लाखों लोग सुनते हैं। मनीषा एकमात्र हिमाचली हैं, जो रेडियो मिर्ची में बतौर रेडियो जोकी काम कर रही हैं। रेडियो मिर्ची पर मनीषा का शो रोज सुबह छह से दस बजे तक प्रसारित होता है। मनीषा ने अपने करियर की शुरुआत 90.4 एफएम एमएस पंवार संस्थान से की थी। यहां तीन साल काम करने के बाद उनका चयन रेडियो मिर्ची के लिए हुआ। मनीषा बीते कई सालों से चंडीगढ़ में सेवाएं दे रही हैं। वह शिमला से प्रसारित होने वाले ‘हाय शिमला शो’ की मुख्य संचालक हैं। इस शो के माध्यम से वह देश-विदेश की खबरों को मनोरंजक तरीके से सुनाती हैं। फेसबुक पेज पर मनीषा के करीब आठ हजार फॉलोअर्ज हैं। वह अब तक ‘रेडियो मिर्ची’ के लिए करीब 100 से अधिक लाइव शो तैयार कर चुकी हैं।

देश की नंबर वन आरजे बनने की ख्वाहिश

मनीषा का कहना है कि बचपन से ही कुछ ऐसा करने की तमन्ना थी, जो मनोरंजन से भरा हो। यही वजह है कि उन्होंने आरजे की फील्ड चुनी। मनीषा का कहना है कि वह देश की नंबर वन आरजे बनना चाहती हैं। चंडीगढ़ के बाद वह दिल्ली व मुंबई जैसे बड़े शहरों में रेडिया मिर्ची के लिए काम करना चाहेंगी। यदि भविष्य में मौका मिला तो वह देश के प्रसिद्ध आरजे नावेद के साथ काम करना चाहेंगी।