आशियाने की दूसरी किस्त जल्द

छह महीने से अधूरे पड़े मकानों का काम अब होगा पूरा

हमीरपुर— मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत योग्य परिवारों को करोड़ों रुपए जारी हुए हैं। छह महीने बाद राज्य सरकार ने दूसरी किस्त का बजट जिला स्तर पर ग्रामीण विकास विभाग को सौंपा है। यहां से ब्लॉक स्तर पर राशि का आबंटन होगा। पहले से चयनित पात्र परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। छह महीने से अधूरे पड़े मकान के निर्माण का कार्य अब पूरा हो जाएगा। हाल ही में यह  राशि जिला स्तर पर आबंटित की गई है। योजना के तहत प्रत्येक जिला से चयनित परिवारों के आधार पर बजट विभाजित किया गया है। संबंधित विभाग की मानें तो सभी 12 जिलों में राशि ग्रामीण विकास अभिकरण के पास पहुंचा दी गई है। कुछ जिलों ने ब्लॉक लेवल पर भी योजना का बजट उपलब्ध करवा दिया है। यहां से वेरिफाई करने के बाद योग्य पात्र परिवारों को योजना की दूसरी किस्त का पैसा मिलेगा। फिलहाल कई माह से दूसरी किस्त के इंतजार में बैठे लोगों को राहत मिली है। दूसरी किस्त के रूप में 11 करोड़ 99 लाख 55 हजार जारी किए गए हैं। जाहिर है कि मुख्यमंत्री आवास योजना को प्रदेश सरकार द्वारा चलाया जा रहा है। वर्ष 2017-18 के लिए हिमाचल के 2307 परिवार चयनित किए गए थे। जिला स्तर से डिटेल एकत्रित होने के बाद पात्र परिवारों की सूची तैयार की गई। इनकी लिस्ट तैयार करने के बाद बजट का प्रावधान किया गया। बजट का प्रावधान होने के बाद जुलाई, 2017 में पहली किस्त जारी की गई थी। सभी जिला को पात्र परिवारों की गणना के बाद बजट का 50 फीसदी प्रदान किया गया। जुलाई में भी 11 करोड़ 99 लाख 55 हजार रुपए जारी किए गए थे। रुपए मिलने के बाद पात्र परिवारों ने गृह निर्माण का कार्य शुरू किया। दूसरी किस्त के लिए इन्हें करीब छह महीने का इंतजार करना पड़ा है। हाल ही में प्रदेश सरकार ने योजना की दूसरी किस्त जारी कर दी है।