नेताजी से सीखें त्याग की भावना

यमुनानगर में श्रम मंत्री ने सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर डाला प्रकाश

यमुनानगर—हरियाणा सरकार द्वारा प्रत्येक जि ला में नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कड़ी में जिला सचिवालय यमुनानगर के सभागार में हरियाणा के श्रम, रोजगार, खनन एवं भूगर्भ राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में शिरकत की और नेता जी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। उनके साथ ही रादौर के विधायक श्याम सिंह राणा, सढौरा के विधायक बलवंत सिंह, भाजपा के जिला अध्यक्ष महेंद्र खदरी, उपायुक्त रोहतास सिंह खरब, पुलिस अधीक्षक राजेश कालिया सहित अन्य अधिकारियों ने भी नेता जी  की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जंयती समारोह में अपने संबोधन में नेताजी की वीरता को नमन करते हुए कहा कि ऐसे महान सेनानियों से आमजन प्रेरणा लेनी चाहिए। इसके लिए हरियाणा सरकार ने महापुरुषों की जयंतियों को सरकारी स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। मंगलवार को हरियाणा सरकार के मंत्रीगण आजाद हिंद फौज के सिपाहियों के घर जाकर उन्हें सरकार की ओर से सम्मानित कर रहे हैं। इसके अलावा आईएनए के शहीदों की विधवाओं को भी सम्मान दिया जा रहा है। राज्य मंत्री ने कहा कि तुम मुझे खून दोए मैं तुम्हे आजादी दूंगा जैसे नारे देकर लोगों में देशभक्ति की अलख जगाने वाले नेताजी जैसे सैनानियों के कारण से ही हम सभी आज आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। इसलिए हम सभी का यह कर्त्तव्य बनता है कि हम उनके जीवन से प्रेरणा लें और उनके दिखाए मार्ग पर चले। उन्होंने कहा कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस महान व्यक्तित्व थे और भारत के इतिहास में आजादी के लिए दिए गए उनके योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि नेताजी  का जीवन त्याग एवं समर्पण की भावना से ओतप्रोत रहा है। नेताजी द्वारा किया गया साहसिक कार्य करोड़ों भारतीय युवाओं को कुछ कर गुजरने के लिए प्रेरित करता है। सरकार भी महान सेनानियों की जयंतियों को मनाकर उनके प्रति अपना आदर व्यक्त कर रही है।