पूर्व सैनिकों को पुनर्नियुक्ति पर वित्तीय लाभ न दिए जाएं

हमीरपुर – प्रदेश पदोन्नत स्कूल प्रवक्ता संघ ने पूर्व सैनिकों के संबंध में प्रदेश मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। इतना ही नहीं, पूर्व सैनिकों के बजट से प्रदेश के 85 हजार कर्मचारियों को एक-एक वेतन वृद्धि दी जा सकती थी। संघ की प्रदेश कोर कमेटी अध्यक्ष केवल ठाकुर व प्रदेश महासचिव यशवीर जम्वाल ने कहा कि संघ पूर्व सैनिकों के  जज्बे को सलाम करता है। पूर्व सैनिकों ने कठिन परिस्थितियों में जो देश की सेवा की है उसके लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। इसलिए संघ सैनिकों को उनके सेवाकाल में हर तरह की सुविधा की वकालत करता है, परंतु पूर्व सैनिकों को पुनर्नियुक्ति पर वित्तीय लाभ देने के निर्णय से उन्हें अधिकतम 17 वेतन वृद्धियां एक साथ मिलेंगी। इस फैसले से प्रदेश के अढ़ाई लाख कर्मचारियों की भावनाएं आहत हुई हैं। सरकार के इस फैसले से जहां 5000 पूर्व सैनिकों को वित्तीय लाभ मिलेगा, वहीं सौ करोड़ का बजट खर्च होगा। संघ के प्रदेशाध्यक्ष रत्नेश्वर सलारिया का कहना है कि इस संदर्भ में संघ का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही प्रदेश सरकार से मिलेगा। इस मौके पर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष हरिमन, प्रधान जिला बिलासपुर संजीव शर्मा, प्रधान मंडी कमल किशोर, प्रधान कुल्लू मनोज, जिला महामंत्री रविदास, संदीप ढटवाल, अजय नंदा, विनोद शर्मा, प्रीतम कौशल, विकास धीमान व अनिल धीमान भी मौजूद रहे।