बस्सी में बजट के बाद भी नहीं बना पुलिस सहायता कक्ष

भोरंज – उपमंडल भोरंज के बस्सी बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस सहायता कक्ष आज तक नहीं बन सका है। बजट का प्रावधान होने के बाद भी लोक निर्माण विभाग यहां निर्माण कार्य शुरू नहीं कर पाया। गौरतलब है कि लगभग एक वर्ष पहले पुलिस थाना भोरंज में डीआईजी अजय यादव ने व्यापार मंडल के अनुरोध पर बस्सी चौक पर पुलिस सहायता कक्ष बनाने के निर्देश जारी किए थे। एक वर्ष बाद भी अभी तक न तो ट्रैफिक बूथ बन पाया है और न ही कस्बे में सीसीटीवी कैमरे लगे। उधर, विभागीय सूत्रों के अनुसार पुलिस विभाग से बस्सी चौक में बूथ बनाने के लिए 30 हजार की राशि स्वीकृत हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग अभी तक भी बूथ नहीं बना पाया है, जो चिंतनीय विषय है। इससे स्थानीय जनता में भारी रोष है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से शीघ्र बस्सी चौक पर बूथ बनाने की मांग  की है, ताकि बस्सी में जाम की स्थिति न बन सके।

भोरंज थाना प्रभारी का कहना

इस बारे  में भोरंज थाना प्रभारी राजीव लखनपाल का कहना है  कि बस्सी में बूथ बनाने के  लिए राशि लोक निर्माण विभाग के खाते में डाल दी है। देरी के लिए विभाग जवाबदेह है।

विधायक को करवाएंगे अवगत

सुभाष ठाकुर व्यपार मंडल भोरंज के प्रधान ने बताया कि इस बारे में स्थानीय विधायक कमलेश कुमारी को अवगत करवाया जाएगा। शीघ्र ही बूथ बनाने के लिए विभाग को रिमाइंडर भेजा जाएगा।

क्या कहते हैं एसडीओ साहब

लोक निर्माण विभाग लंबलू के एसडीओ जेआर कौंडल का कहना है कि बस्सी में पुलिस सहायता कक्ष बूथ बनाना प्रस्तावित है। शीघ्र ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।