भरमौर के राजमाह और अखरोट को मिले बाजार

भरमौर— जनजातीय क्षेत्र भरमौर के उत्पादों को व्यापारिक मंच प्रदान करने का मामला भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव ने मुख्यमंत्री के समक्ष शिमला में उठाया है। साथ ही स्थानीय उत्पाद अखरोट और राजमाह भी किसान मोर्चा सचिव रवि जुलकाण ने मुख्यमंत्री को भेंट किए। इसके अलावा किसान मोर्चा ने सूखे के चलते किसानों को हो रहे नुकसान और लावारिस पशुओं और बंदरों का मामला भी सीएम के समक्ष उठाया है। जिस पर मुख्यमंत्री  ने भाजपा किसान मोर्चा को उनके समक्ष रखे के मुद्दे पर गंभीरता के साथ विचार करने का आश्वासन दिया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को हिमाचल प्रदेश किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव रवि जुलकाण की अगवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात की। इस दौरान एसटी मोर्चा के चंबा जिला महामंत्री राजेंद्र ठाकुर समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। रवि जुलकाण ने बताया कि भरमौर क्षेत्र के राजमाह, अखरोट समेत अन्य नकदी फसलों का उत्पादक किसानों द्वारा जैविक तरीके से किया जाता है। बावजूद इसके उन्हें आज दिन तक इसके बेहतर दाम हासिल नहीं हो पाए है। उन्होंने बताया कि किसानों के उत्पादों को एक व्यापारिक मंच प्रदान करने का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया है। जिस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया है कि प्रदेश सरकार की ओर से इस दिशा में उचित कदम उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि लावारिस पशुओं और बंदरों के चलते किसानों-बागबानों को हो रहे नुक्सान का मामला भी सीएम के समक्ष उठाया गया है। इसके अलावा सूखे के चलते किसानों को हो रहे नुक्सान के बाबत भी सीएम को अवगत करवाया है। रवि जुलकाण ने बताया कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि किसानों और बागबानों की समस्याओं का सरकार प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करेगी। रवि जुलकाण ने बताया कि मुख्यमंत्री को भरमौर क्षेत्र के लोकल उत्पाद राजमाह और अखरोट भी भेंट में दिए हैं।