भागो! हमारी ओर दागी मिसाइल

उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम से बढ़े तनाव के बीच जापान का सैन्य अभ्यास

टोक्यो— जापान की राजधानी टोक्यो के लोगों में उस समय हड़कंप मच गया, जब सेना के हमलों से बचने के लिए ड्रिल किया गया। यह दूसरे विश्वयुद्ध के बाद किया गया पहला ड्रिल था, जो सेना के हमलों से बचने के लिए किया गया था। उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम पर चल रहे तनाव के बीच यह ड्रिल किया गया। राजधानी टोक्यो में स्थित अम्यूजमेंट पार्क में किए गए ड्रिल में लाउडस्पीकर से खतरनाक तरह की चेतावनी दी गई। चेतावनी में कहा गया कि हमें जानकारी मिली है कि हमारे तरफ मिसाइल दागा गया है। आप लोगों से अपील है कि शांतिपूर्ण तरीके से इमारत या भूमिगत जगहों पर छिप जाएं। लाउडस्पीकर से चेतावनी के बाद पार्क का कर्मचारी चिल्लाते हुए भागा कि हमारी तरफ मिसाइल दागी गई है। इसके बाद 250 से अधिक स्थानीय लोग और वहां काम करने वाले कर्मचारियों ने इमारतों को खाली कर सुरक्षित जगह पर शरण लिया। इसके कुछ ही मिनट बाद दोबारा अनाउंसमेंट हुआ कि मिसाइल यहां से पास हो चुकी है। मिसाइल कांटो  के ऊपर से होती हुई पैसिफिक सागर की तरफ बढ़ गई है। भूकंप के प्रकोप वाले जापान के लोग इस तरह होने वाले अभ्यास से परिचित हैं। वहां पर इस तरह का अभ्यास हमेशा होते रहता है। इसमें स्कूल से लेकर कार्यलय तक शामिल हैं, लेकिन टोक्यो में उत्तर कोरियाई मिसाइल हमले की चिंता को लेकर किया गया ड्रिल अपने आप में नया है।

विरोध में हुआ प्रदर्शन

कई लोगों ने इस ड्रिल का समर्थन किया तो कइयों ने इसका विरोध भी किया है। इस ड्रिल के विरोध में एक प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें लोगों ने कहा कि हम इस तरह के ड्रिल के खिलाफ हैं। यह युद्ध को बढ़ावा देता है। लोगों ने कहा कि यदि कोई युद्ध हो, तो आप बच नहीं पाएंगे। एक परमाणु युद्ध सब कुछ नष्ट कर देगा। यह ड्रिल उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों से इस क्षेत्र में बढ़ें तनाव के बीच किया गया है।