रूस में ठंड से जम गई पलकें

साइबेरिया का ओइमाकॉन दुनिया में सबसे ज्यादा ठंडा, -67 डिग्री पहुंचा पारा

मास्को — पूरी दुनिया में ठंड का कहर जारी है। एक तरफ जहां नायग्रा फॉल्स जमी हुई है तो वहीं कनाडा में जोरदार ठंड पड़ रही है, लेकिन एक ऐसी जगह है जहां दुनिया की सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है, जहां लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। रूस के साइबेरिया में बर्फ की घाटी में एक गांव बसा है, जहां सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। इस गांव का नाम है ओइमाकॉन है। यहां का पारा -62 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इतनी ठंड में लोगों के सिर के बाल और पलकें तक जम गई है। इसी के साथ गांव के बीचोंबीच लगा डिजिटल थर्मामीटर ठप्प पड़ गया। इसे दुनिया का सबसे ठंडी जगह माना जाता है। इस गांव की कुल आबादी 500 है। वहीं मास्को स्टेट यूनिवर्सिटी के मेट्रोलॉजिकल स्टेशन ने दावा किया है कि मास्को में 2017 दिसंबर माह में धूप केवल छह मिनट के लिए निकली थी। इससे पहले दिसंबर, 2000 में ऐसा हुआ था कि सूरज केवल तीन घंटे के लिए निकला था। इन इलाकों में लोगों के आंखों की पलकों पर भी बर्फ जमी दिखी। यहां पेन की स्याही तक जम गई है। लोग पूरे दिन गाड़ी चलाते हैं, उन्हें डर लगता है कि कहीं उनकी गाड़ी हमेशा के लिए बंद न पड़ जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले 1933 में ऐसा हुआ था कि पारा -68 डिग्री तक लुढ़क गया था। यहां के लोगों का गुजर-बसर करना मुश्किल हो गया है। नदी से लेकर पेड़ सभी चीज जमी हुई है। सोशल मीडिया पर यहां की तस्वीरें काफी वायरल हो रही हैं। बता दें, ओइमाकॉन का मतलब होता है, ऐसी जगह जहां पानी जमता नहीं हो, लेकिन यहां पानी से लेकर इनसान भी जम गया है। इस जगह को ‘पोल ऑफ कोल्ड’ भी कहा जाता है।