विवेकानंद के आदर्शों पर चलें युवा

नाडा साहिब में नेहरू युवा केंद्र ने मनाया स्वामी जी का जन्मदिवस

पंचकूला— नेहरू युवा केंद्र पंचकूला द्वारा विभिन्न युवा मंडलों के सहयोग से गांव नाडा साहिब में स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न गांव के युवा मंडल सदस्यों द्वारा भाग लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करने से हुई। इस कार्यक्रम में युवाओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन की विभिन्न घटनाओं के बारे में बताया। डा. जीएस बाजवा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने पूरे विश्व में हिंदोस्तान का नाम रोशन किया व युवा वर्ग के प्ररेणा स्रोत थे। आज के युवाओं को उनके आदर्शों पर चलकर जीवन में सफलता की ओर बढ़ना चाहिए, हमें उनसे प्रेरणा लेकर अपनी संस्कृति को बचाना चाहिए। इस कार्यक्रम में एनसी राणा अध्यक्ष उपभोक्ता एसोसिएशन पंचकूला ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उन्होंने कहा कि स्वामी जी एक संपन्न परिवार से होते हुए भी एक संन्यासी का जीवन जिया। उन्होंने शिकागो में भारत की संस्कृति का परचम लहराया। उपभोक्ता एसोसिएशन पंचकूला से वीके शर्मा, कुलदीप शर्मा, नरेंद्र सिंह, श्रीराम निवास गर्ग ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ और युवाओं को समाजिक बुराइओं के उन्मूलन के लिए राष्ट्रीय शपथ भी दिलाई गई। इसी क्रम में 12 से 19 जनवरी को राष्ट्रीय युवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। 14 जनवरी को जिलों के चार ब्लॉक में युवाओं के लिए भ्रष्टाचार एवं भ्रूण हत्या पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा। 15 जनवरी को गांव मोरनी, लोहगढ़, नानकपुर, टोका, काजमपुर, नाडा साहिब में सफाई अभियान चलाया जाएगा। 16 को गांव जसवंतगढ़, भरैली, मोरनी, रिहौड़ में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा। 17 को रायपुररानी एवं बरवाला में युवाओं द्वारा भ्रूण हत्या एवं राष्ट्रीय एकता पर रैली निकली जाएगी। 18 को गांव सुखोमाजरी, लोहगढ़, भवाना के कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्रों में महिलाओं द्वारा स्वयं बनाए हुए वस्तु एवं कपड़ों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी व 19 जनवरी को राष्ट्रीय युवा सप्ताह का समापन किया जाएगा, जिसमें युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया जाएगा।